शाजापुर में पुलिस को देख कॉलेज परिसर में छिपे बदमाश, तीन घंटे चली कार्रवाई में दो को पकड़ा; दो भागे
बदमाशों की तलाश में पुलिस में करीब 3 घंटे तक कॉलेज परिसर में सर्चिंग अभियान चलाया, तब जाकर पुलिस के हाथ दो बदमाश लगे और दो बदमाश भाग निकले। ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 16 May 2026 07:58:24 AM (IST)Updated Date: Sat, 16 May 2026 08:02:26 AM (IST)
पुलिस ने बदमाशों को पकड़ा। (नईदुनिया प्रतिनिधि)HighLights
- रात्रि गश्त के दौरान पुलिस को चार संदिग्ध युवक दिखाई दिए
- पुलिस को देख यह बदमाश एबी रोड स्थित बीकेएसएन कॉलेज परिसर में छिप गए
- पकड़े गए बदमाश आपराधिक मामलों में कुख्यात धार जिले के टांडा निवासी हैं
नईदुनिया प्रतिनिधि, शाजापुर। रात्रि गश्त के दौरान पुलिस को चार संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस को देख यह बदमाश एबी रोड स्थित बीकेएसएन कॉलेज परिसर में छिप गए। बदमाशों की तलाश में पुलिस में करीब 3 घंटे तक कॉलेज परिसर में सर्चिंग अभियान चलाया, तब जाकर पुलिस के हाथ दो बदमाश लगे और दो बदमाश भाग निकले। पकड़े गए बदमाश आपराधिक मामलों में कुख्यात धार जिले के टांडा निवासी है। पुलिस द्वारा पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ की जा रही है।
कॉलेज परिसर में छुपे बदमाशों को ढूंढने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। फिल्मी अंदाज में पूरा ऑपरेशन चला। इस दौरान खुले परिसर में दीवार की आड़ में छिपे एक बदमाश को पुलिस ने पकड़ा। उसके बाद अन्य बदमाशों की सर्चिंग शुरू हुई। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस के हाथ एक और बदमाश लगा। इस तरह पुलिस ने दो बदमाशों को पकड़ने में सफलता प्राप्त की।
धार जिले के टांडा क्षेत्र के निवासी हैं
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बदमाशों की संख्या कुल चार थी, जिनमें से दो बदमाश भागने में सफल रहे। उनकी तलाश भी पुलिस द्वारा की जा रही है। बदमाशों ने पूछताछ में खुद को धार जिले के टांडा क्षेत्र का निवासी होना बताया है।
उल्लेखनीय है कि इस क्षेत्र के बदमाश लूट-डकैती, चोरी के मामलों में कई वारदातों में शामिल रहते हैं। यहां के बदमाशों द्वारा प्रदेश के कई हिस्सों में बड़ी वारदातों को अंजाम दिया गया है। ऐसे में पुलिस के हाथ लगे इन दो बदमाशों से पूछताछ में बड़े खुलासे होने की संभावना है।
पुलिस की सक्रियता के चलते बदमाश वारदात से पहले ही गिरफ्त में आ गए
दूसरी ओर राहत की बात यह रही कि पुलिस की सक्रियता के चलते यह बदमाश शहर में किसी वारदात को अंजाम नहीं दे पाए। इस कार्यवाही में यातायात थाना प्रभारी सौरभ शुक्ला, कोतवाली थाने के प्रधान आरक्षक प्रमोद नागर, पुलिसकर्मी शिशुपाल, निलेश, संतोष बोरासी लालघाटी थाने के एएसआई भोपाल सिंह सहित अन्य पुलिस कर्मियों की मुख्य भूमिका रही। हालांकि कुख्यात क्षेत्र के बदमाशो की शहर में मौजूदगी पुलिस के लिये चिंता का सबब है।