
नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी। इजराइल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध का असर अब भारत में भी नजर आने लगा है। तेल कंपनियों द्वारा कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई पर लगी अघोषित रोक ने अब आम लोगों से लेकर कारोबारियों तक की चिंता बढ़ा दी है। तेल कंपनियों द्वारा एजेंसियों को नए ऑर्डर नहीं लेने के निर्देश दिए जाने के बाद सबसे ज्यादा असर होटल-रेस्टोरेंट, ढाबों और कैटरिंग व्यवसाय पर देखने को मिल रहा है। खासतौर पर शादी-विवाह के सीजन में हलवाई और कैटरिंग संचालकों के सामने सबसे बड़ी चुनौती खाना बनाने की व्यवस्था को लेकर खड़ी हो गई है।
कई कारोबारियों का कहना है कि अगर जल्द सप्लाई बहाल नहीं हुई तो शादी समारोहों की तैयारियों पर भी असर पड़ सकता है। इसी मुद्दे पर जब कैटरिंग संचालकों, हलवाई और ढाबा संचालकों से बात की गई तो उन्होंने अपनी चिंता और मुश्किलें खुलकर साझा की। छोटे व्यापारियों और रेस्टोरेंट संचालकों का कहना है कि सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित होने से कामकाज पर असर पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है ताकि कारोबार सामान्य रूप से चल सके और शादी समारोहों में भी किसी तरह की परेशानी न हो।
गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि कंपनियों ने घरेलू गैस सिलेंडरों की सप्लाई भी आधी कर दी है। इसके अलावा पहले जो घरेलू गैस सिलेंडर 16 दिन में बुक हो जाते थे, अब उनकी बुकिंग की समयावधि भी बढ़ा दी गई है। वहीं दूसरी ओर गैस सिलेंडर की रेट भी बढ़ा दिए गए हैं। ऐसे हालालों में घरों में भी गैस की किल्लत आ रही है।
यह भी पढ़ें- MP के लोगों को बड़ी राहत! 'पैनिक होने की जरूरत नहीं रसोई गैस सिलेंडरों की कमी नहीं', बोले सीएम मोहन यादव
एक होटल कारोबारी ने पहचान उजागर न करने की शर्त पर बताया कि बाजार में कालाबाजारी की स्थिति भी बन रही है। उसके अनुसार आज वह जब गैस एजेंसी पर पहुंचा तो उसका सिलेंडर बुक नहीं किया गया। जब वह काम चलाने के लिए किसी के घर से सिलेंडर लेकर आया तो उसके द्वारा भी एक सिलेंडर के 1500 रुपये लिए गए। कई छोटे होटल और ढाबे गैस नहीं मिलने के कारण बंद होने की स्थिति में हैं। होटल व रेस्टोरेंट संचालकों का कहना है कि कमर्शियल गैस की नियमित सप्लाई सुनिश्चित की जाए, ताकि व्यापार और लोगों की आजीविका प्रभावित न हो।
गैस कंपनियों ने कामर्शियल सिलेंडर की सप्लाई पिछले कुछ दिनों से बंद कर दी है। ऐसे में मजबूरी में हमने भी उपभोक्ताओं की सप्लाई पर रोक लगा दी है। यह सप्लाई कब तक बहाल होगी इसके बारे में अभी कुछ भी कहना मुमकिन नहीं है।- राकेश शर्मा, गंगाचल गैस एजेंसी
कमर्शियल गैस सिलेंडर की बुकिंग इसलिए नहीं ली जा रही क्योंकि हमारे पास ही सप्लाई नहीं आ रही है और स्टॉक भी उतना नहीं है। घरेलू गैस सिलेंडर की सप्लाई भी आधी कर दी गई है। इसके अलावा पहले जो सिलेंडर 16 दिन में बुक हो जाता था वह अब 25 दिन में बुक हो रहा है। इससे उपभोक्ताओं को भी परेशानी बढ़ी है।- गोलू, ईश्वर इंडेन गैस एजेंसी
अभी तक तो गैस सिलेंडर आसानी से मिल रहे हैं, लेकिन जिस तरह से कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई बंद की गई है, उससे निश्चित ही आने वाले दिन में परेशानी आ जाएगी और काम प्रभावित होगा।- संजीव भटेले, संचालक, कृष्णा होटल।
गैस सिलेंडर न मिलने से दिक्कत आना शुरू हुई है। आज मुझे सिलेंडर नहीं मिल पाया। फिलहाल तो व्यवस्था हो गई, लेकिन आने वाले दिनों में सिलेंडर नहीं मिला तो बहुत परेशानी होगी क्योंकि करीब 95 फीसदी से अधिक के घरों में ईधन के रूप में एलपीजी गैस सिलेंडर का उपयोग किया जा रहा है।- ध्रुव शर्मा,संचालक, सांवरिया दाल टिक्कड़।