'साहब! जमीन पर बैठो और हमारा दर्द सुनो...', मासूम की मौत पर पिता ने कलेक्टर को जमीन पर बैठाकर रखी मांगे
शाजापुर में बस में आग लगने से शिवपुरी के चार वर्षीय मासूम अनय जैन की मौत को लेकर सोमवार को शिवपुरी में लोगों का गुस्सा भड़क उठा। ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 18 May 2026 06:45:39 PM (IST)Updated Date: Mon, 18 May 2026 06:45:39 PM (IST)
कलेक्ट्रेट के सामने लगा चक्काजाम। नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी। शाजापुर में बस में आग लगने से शिवपुरी के चार वर्षीय मासूम अनय जैन की मौत को लेकर सोमवार को शिवपुरी में लोगों का गुस्सा भड़क उठा। स्वजन के साथ भाजपा विधायक देवेंद्र जैन और कांग्रेस विधायक कैलाश कुशवाह भी साथ आए। भीड़ प्रशासन की लापरवाही के खिलाफ सड़कों पर प्रदर्शन और नारेबाजी करते हुए कलेक्टर अर्पित वर्मा को ज्ञापन देने पहुंची।
कलेक्टर की अनुपस्थिति पर भड़के लोग
कलेक्टर अर्पित वर्मा नहीं मिले तो ज्ञापन लेने के लिए एडीएम दिनेश चंद्र शुक्ला पहुंचे लेकिन आक्रोशित भीड़ ने उन्हें ज्ञापन देने से इनकार कर दिया। व्यथित होकर अनय जैन के पिता सीए अभिषेक जैन कलेक्ट्रेट के बाहर सड़क पर जाकर बैठ गए। उनके साथ समाज के अन्य लोग भी आए।
यह भी पढ़ें- शाजापुर में हाईवे पर होटल के सामने खड़ी बस में लगी आग, 4 वर्षीय बच्चा जिंदा जला
बीच सड़क पर घेरी कलेक्टर की गाड़ी
आक्रोशित भीड़ जब चौराहे की तरफ जाने लगी तभी सामने से कलेक्टर वर्मा की गाड़ी आती दिखी, जिसका आक्रोशित भीड़ ने घेराव कर दिया, मृतक बच्चे के पिता कलेक्टर की गाड़ी के आगे बैठ गए, जिसके बाद कलेक्टर जब गाड़ी से नीचे उतरे तो खड़े-खड़े ही लोगों से बात कर रहे थे। पिता ने कलेक्टर को जमीन पर बैठा कर उनसे बात की। उन्होंने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया कि वह उनकी हर संभव मदद करेंगे और मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।