शिवपुरी में अपनों से रूठे बुजुर्ग ने खुद ही किया अपनी तेरहवीं का ऐलान, सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा निमंत्रण कार्ड
गांव के लोगों ने पहचान उजागर न करने की शर्त पर बताया कि बुजुर्ग अपने स्वजनों से नाराज है, इसी के चलते उसने यह कदम उठाया है। ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 14 May 2026 07:53:36 AM (IST)Updated Date: Thu, 14 May 2026 07:54:03 AM (IST)
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा बुजुर्ग की त्रयोदशी का कार्ड । नईदुनियाHighLights
- दर्द बयां करती कार्ड की पंक्तियां बनीं चर्चा का विषय
- बुजुर्ग कल्याण सिंह ने परिवार से त्रस्त होकर उठाया है कदम
- शनिवार 16 मई को होगा आयोजन
नईदुनिया प्रतिनिधि शिवपुरी। करैरा थानांतर्गत ग्राम हाजीनगर में एक बुजुर्ग ने अपने जिंदा रहते हुए ही खुद की त्रयोदशी का आयोजन किया है। उक्त आयोजन के लिए बुजुर्ग द्वारा समाज के लोगों को कार्ड भी वितरित किए गए हैं। बुजुर्ग की त्रयोदशी का कार्ड अब सोशल मीडिया पर भी् वायरल हो रहा है। यह कार्ड लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
तैयारियां बुजुर्ग द्वारा जोर शोर से की जा रही हैं
जानकारी के अनुसार करैरा अनुभाग के ग्राम हाजीनगर निवासी बुजुर्ग कल्याण सिंह पाल ने अपने जिंदा रहते ही अपनी त्रयोदशी का आयोजन किया है। उक्त आयोजन शनिवार 16 मई 2026 को आयोजित होगा, जिसकी तैयारियां बुजुर्ग द्वारा जोर शोर से की जा रही हैं।
हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि वह उक्त आयोजन क्यों कर रहा है, लेकिन कार्ड के ऊपर लिखी हुई पंक्तियां ‘मुझे तो अपनो ने लूटा, गैरों में कहां दम था, मेरी कश्ती वहां डूबी, जहां पानी कम था’ यह दर्शा रही हैं कि, वह अपने परिवार से काफी त्रस्त होकर यह कदम उठा रहा है।
अपने स्वजनों से है नाराज है
इस संबंध में जब नईदुनिया ने बुजुर्ग को उसके मोबाइल नंबर पर फोन करके कारण जानना चाहा तो बुजुर्ग ने नाराजगी भरे शब्दों में सिर्फ यह कहा कि, उसका अब इस दुनिया में कोई नहीं है, इसलिए वह अपने जिंदा रहते हुए अपनी त्रयोदशी करना चाहता है, बाद में पता नहीं किसी ने उसकी त्रयोदशी की अथवा नहीं। गांव के लोगों ने पहचान उजागर न करने की शर्त पर बताया कि बुजुर्ग अपने स्वजनों से नाराज है, इसी के चलते उसने यह कदम उठाया है।