
नईदुनिया प्रतिनिधि शिवपुरी। भौंती थानांतर्गत ग्राम भयावन में मंगलवार की शाम एक लड़की के स्वजनों ने गांव के ही एक व्यक्ति की पीट-पीट कर निर्मम हत्या कर दी। हत्या का कारण प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है। युवक की मौत के उपरांत स्वजनों ने शव थाने के सामने रखकर चक्काजाम कर दिया। समाचार लिखे जाने तक स्वजनों का प्रदर्शन और चक्काजाम जारी था। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसान ग्राम भयावन निवासी प्रभान लोधी उम्र 40 साल गांव में प्रायवेट क्लीनिक चलाता था। उसकी एक 16 साल की बेटी भी है। इसके बाबजूद उसका गांव की पाल समाज की एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी क्रम में दो माह युवती के स्वजनों ने उसकी शादी ललितपुर कर दी थी, परंतु युवती प्रभान के प्यार में इस हद तक पागल थी कि ससुराल से आने के बाद वह लौट कर वहां नहीं गई।
वह प्रभान के साथ पत्नी की तरह रहना चाहती थी। चूंकि युवती लगातार प्रभान के साथ रहने की जिद पर अड़ी थी और लौट कर ससुराल नहीं जा रही थी, इसी के चलते सोमवार की रात में युवती के पिता और भाई ने उसकी मारपीट कर दी, जिस पर युवती ने थाने आकर मामले की शिकायत दर्ज करवा कर अपने पिता और भाई के खिलाफ मारपीट की एफआईआर दर्ज करवाई। इसी के साथ उसने पुलिस के समक्ष यह इच्छा भी जाहिर की कि, वह अपने माता-पिता के साथ लौट कर नहीं जाना चाहती है।
वह प्रभान के साथ रहना चाहती है। हालांकि हालात ऐसे थे कि पुलिस युवती को प्रभान के साथ नहीं भेज सकती थी। इसी के चलते पुलिस ने युवती को वन-स्टाप सेंटर शिवपुरी भेज दिया, ताकि मामला शांत हो जाए।
हालांकि थाने से लौटने के बाद भी विवाद जारी रहा, इसी क्रम में मंगलवार की शाम करीब 4 बजे युवती के स्वजन प्रभान की क्लीनिक पर पहुंचे और उसे क्लीनिक से उठाकर उसकी निर्मम पिटाई कर बेहोशी की हालत में छोड़कर भाग गए। प्रतिभाग के स्वजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां उसकी मृत्यु हो गई।
प्रभान की मौत के बाद स्वजनों ने थाने के सामने लाश रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि मृतक की पत्नी और बेटी सुबह थाने आए थे अौर उन्होंने आशंका जाहिर की थी कि, आरोपित उनके साथ कोई अनहोनी घटना कारित कर सकते हैं, परंतु पुलिस ने उनकी कोई सुनवाई नहीं की थी।
अगर ग्रामीण सूत्रों की मानें तो मृतक प्रभान लोधी इससे पूर्व भी दो अलग-अलग महिलाओं के साथ प्रेम प्रसंग के मामलों में हुए विवाद के चलते जेल जा चुका है। एक प्रकरण में प्रभान ने शिवपुरी में रहने वाली अपनी प्रेमिका के साथ मारपीट की थी। इसके अलावा एक अन्य युवती के साथ प्रेम प्रसंग के मामले में हुए विवाद के चलते भी प्रभान जेल गया था।
मौत का कारण पीएम रिपोर्ट में सामने आ पाएगा। इसके अलावा मृतक के स्वजनों के आरोप पूर्णत: निराधार हैं कि उन्होंने थाने आकर अपनी या मृतक की जान को खतरा होने की कोई शिकायत दर्ज करवाई थी। मामले में मृतक के पीएम उपरांत नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशांत शर्मा, एसडीओपी पिछोर