
नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी। जिले में शिक्षक सहित दो लोगों के टेलीग्राम आकाउंट हैक करने के मामले सामने आए हैं। हैकर्स अकाउंट का कंट्रोल लेकर परिचितों को अश्लील मैसेज और संदिग्ध लिंक भेज रहे हैं। शिक्षक के टेलीग्राम से कनेक्ट मोबाइल डिवाइस की लोकेशन साउथ कोरिया आ रही है।
साइबर सेल प्रभारी बोले, सतर्क रहें
साइबर सेल प्रभारी धर्मेन्द्र जाट ने बताया कि इंटरनेट की लाइन समुद्र में बिछी हुई है। टेलीग्रामी डार्क बेव पर काम करता है, यानि कि छठवीं और सातवीं लेयर पर जहां कोई जाता ही नहीं है। ऐसे में इसका उपयोग आतंकवादी, स्मगलर या फिर ठगी करने वाले गिरोह करते हैं। जो अकाउंट लंबे समय से एक्टिव नहीं हैं, हैकर्स ऐसे टेलीग्राम अकाउंट को हैक कर अश्लील लिंक भेज रहे हैं और ओटीपी मांग रहे हैं।
इन कारणों से होता है हैक
आमतौर पर हैकर्स आपके नंबर पर आए टेलीग्राम लॉगइन ओटीपी को किसी बहाने से ले लेते हैं या आपका पहले से लागइन सेशन किसी अन्य डिवाइस पर एक्टिव रह जाता है। एक बार सेशन मिल जाने पर हैकर को बार-बार ओटीपी की जरूरत नहीं पड़ती, वह दुनिया में कहीं से भी अकाउंट चला सकता है।
अनइंस्टाल किया फिर भी छुटकारा नहीं, लोकेशन साउथ कोरिया बताई
पिछोर अनुभाग के ग्राम भौंती निवासी शिक्षक नीरज कुमार गुप्ता ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, उनके मोबाइल नंबर से संचालित टेलीग्राम अकाउंट का किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा अनाधिकृत उपयोग किया जा रहा है। शिक्षक के अनुसार वह स्वयं टेलीग्राम का उपयोग नहीं कर रहे हैं, फिर भी उनके परिचितों को उनके नाम से गलत एवं अश्लील संदेश प्राप्त हो रहे हैं। जानकारी मिलने पर उन्होंने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और अपने फोन से टेलीग्राम एप अनइंस्टाल कर दिया था।
इसके बावजूद 2 जुलाई 2026 को फिर से परिचितों ने मैसेज आने की सूचना दी। शिक्षक के अनुसार, उन्होंने एप दोबारा इंस्टाल कर अकाउंट से लागआउट भी किया, इसके बावजूद अकाउंट एक्टिव दिख रहा है और एक अन्य कनेक्टेड डिवाइस की लोकेशन साउथ कोरिया बता रही है। हैकर्स ने सूरज तोमर का टेलीग्राम भी हैक कर लिया है। सूरज के अनुसार वह टेलीग्राम का उपयोग नहीं करते हैं। इसके बावजूद उनके टेलीग्राम से उनके परिचितों को अश्लील मैसेज भेजे जा रहे हैं। उन्हें जब लोगों ने फोन लगाए तो उन्होंने टेलीग्राम अनइंस्टाल कर दिया, बावजूद इसके उनके टेलीग्राम से अश्लील मैसेज लोगों के पास पहुंच रहे हैं। उन्होंने भी साइबर सेल में मामले की शिकायत दर्ज कराने की बात कही है।