'मेरे वोटर नहीं हो, शिकायत नहीं सुनूंगा', करैरा BJP MLA के इनकार पर भड़के ग्रामीण, मासूम को गाड़ी के बोनट पर लिटाया
शिवपुरी के नरवर में जनचौपाल के दौरान भाजपा विधायक रमेश खटीक ने दूसरे विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों की शिकायत सुनने से इन्कार किया, जिसके बाद हंगामा और...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 16 Jul 2026 09:47:25 PM (IST)Updated Date: Thu, 16 Jul 2026 09:47:25 PM (IST)
करैरा BJP MLA ने दूसरे क्षेत्र की जनता की समस्या सुनने मना किया। (नईदुनिया)HighLights
- जनचौपाल में विधायक ने शिकायत सुनने से इन्कार किया।
- पोहरी क्षेत्र के ग्रामीण पेयजल और बिजली समस्या लेकर पहुंचे।
- विधायक के जवाब पर ग्रामीणों ने जमकर विरोध जताया।
नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा से भाजपा विधायक रमेश खटीक द्वारा नरवर तहसील में समस्या सुनने के लिए लगाई गई जनचौपाल में उस समय हंगामा हो गया जब उन्होंने पड़ोसी विधानसभा पोहरी से आए ग्रामीणों की समस्या सुनने से इन्कार कर दिया।
वहां हंगामे के दौरान अनसुनी से क्षुब्ध एक युवक ने अपने मासूम बच्चे को विधायक की गाड़ी के गर्म बोनट पर रख दिया। बता दें कि पोहरी से विधायक कांग्रेस के कैलाश कुशवाह हैं।
पेयजल और बिजली की समस्या लेकर पहुंचे थे ग्रामीण
बुधवार को नरवर के डॉ. भीमराव आंबेडकर भवन में जनचौपाल में विधायक रमेश खटीक के समक्ष पोहरी विधानसभा क्षेत्र के नानकपुर और बरखाड़ी गांव से पहुंचे ग्रामीणों ने पेयजल व बिजली की समस्या रखी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विधायक ने उनका आवेदन देखते ही कहा कि आप पोहरी के हो, मेरे विधानसभा के मतदाता नहीं हो, मैं आपकी सुनवाई नहीं कर सकता, पोहरी विधायक के पास जाओ।
नाराज ग्रामीण ने बच्चे को विधायक की गाड़ी के बोनट पर लिटाया
- विधायक के इस जवाब से ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने विधायक से कहा कि हम भले ही आपके मतदाता नहीं हैं, लेकिन हम मध्यप्रदेश सरकार के पास अपनी फरियाद लेकर आए हैं और आप सत्ता पक्ष के विधायक हैं। इसी बात पर कुछ देर तक नोंकझोंक और हंगामा हुआ।
- इसी बीच निराश लौट रहे एक ग्रामीण ने विरोध जताने के लिए अपने 3-4 साल के मासूम बच्चे को विधायक की खड़ी कार के गर्म बोनट पर लिटा दिया और बोला- जब सुनना ही नहीं है तो हमारे बच्चों को ही ले जाओ। इस हाईवोल्टेज ड्रामे का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित हो रहा है।