शिवपुरी में धरना दे रहे कांग्रेसियों पर नकाबपोशों का हमला, लाठियों से पीटा, टेंट उखाड़ा
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा, सत्ताधारी दल के नेता नकाबपोश गुंडों से गुंडागर्दी करवा कर विपक्ष की आवाज को दबाना चाहते हैं। ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 28 May 2026 09:55:10 AM (IST)Updated Date: Thu, 28 May 2026 09:56:22 AM (IST)
शिकायत दर्ज कराने के लिए पिछोर थाने पहुंचे कांग्रेसी। नईदुनियाHighLights
- 10 नामजद आरोपियों की शिकायत के बावजूद पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज नहीं की
- कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने इसे सत्ताधारी दल की दमनात्मक कार्रवाई बताया।
- मूलभूत समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने रखा था धरना प्रदर्शन
नईदुनिया न्यूज पिछोर। पिछोर में नगर परिषद पिछोर के सामने कांग्रेस द्वारा पेजयल, सफाई, नगर के सीसीटीवी कैमरों, जलकुंभी सफाई जैसे दस मुद्दों को लेकर पांच दिवसीय धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। इसी क्रम में धरना प्रदर्शन के तीसरे दिन 27 मई को शाम करीब 4 बजे जब कांग्रेसी टेंट में बैठकर शांतिपूर्ण धरना दे रहे थे, उसी समय मोटर सायकलों पर सवार होकर 20-25 नकाबपोश अज्ञात बदमाश आए और उन्होंने लाठियों से धरना प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों की मारपीट कर दी। धरना प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों का टेंट उखाड़ कर फेंक दिया गया।
इस मारपीट में कांग्रेसियों को चोट आई है। घटना की जानकारी लगने के बाद पिछोर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और कांग्रेसियों को एफआईआर दर्ज करने के लिए थाने लेकर पहुंची, परंतु जैसे ही कांग्रेसियों ने दस लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कहा तो पुलिस ने आवेदन की जांच की बात कहते हुए पहले प्रकरण की पड़ताल की बात कह दी। पुलिस का कहना था कि जो भी आरोपित घटना में शामिल होंगे उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।
यह शासन की दमनात्मक कार्रवाई
कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित अग्रवाल का कहना है कि लोकतंत्र में यह सत्ताधारी दल की तानाशाही है। सत्ताधारी दल के नेता नकाबपोश गुंडों से गुंडागर्दी करवा कर विपक्ष की आवाज को दबाना चाहते हैं। इसी के चलते जनता आवाज उठाने पर उनके खिलाफ दमनात्मक कार्रवाई की गई है, ताकि जनता और विपक्ष डर जाए। अपनी मांगों को लेकर शासन और प्रशासन के समक्ष अपनी आवाज बुलंद न कर सके।
उनके अनुसार हालांकि वह इस तरह से डरने वाले नहीं है। जनता के हित के मुद्दों को लेकर वह अपनी अंतिम सांस तक लड़ते रहेंगे। प्रशासन भी सत्ताधारी दल के दवाब में काम कर रहा है, जब नामजद शिकायत दर्ज कराई जा रही है तो आखिर पुलिस व प्रशासन किस दवाब में है कि एफआईआर नहीं कर रहा है।
इन लोगों के खिलाफ एफआईआर की मांग
मंगल लोधी ग्राम राजपुर कछौआ (जिलाबदर), सुनील लोधी निवासी राजापुर सेमरी, आजाद लोधी निवासी बैसोरा, सौरभ लोधी निवासी रमपुरा अछरौनी, जीवन लोधी निवासी रमपुरा, दीपक यादव निवासी विजयपुर, मंगल यादव निवासी कोटरा, असवेन्द्र लोधी निवासी भरतपुर, कपूर लोधी निवासी कुचलौन, आकाश लोधी निवासी मनगुली।