
नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी/पिछोर। जिले भर में रविवार को वीरांगना अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं पुण्यतिथि मनाई गई। इस दौरान पिछोर में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में आयोजकों ने वीरांगना अहिल्याबाई होल्कर की तस्वीर के साथ दुर्दांत डकैत रामबाबू गडरिया की तस्वीर रख कर उसे समाज सुधारक दर्शाने का प्रयास किया।
रामबाबू जी कहकर संबोधित किया
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने खुले मंच से रामबाबू गडरिया को रामबाबू जी कहकर संबोधित करते हुए उसे अपना भाई बताया। उन्होंने स्वीकार किया कि वह रामबाबू से न सिर्फ जेल में मिले बल्कि जंगल में भी उनके साथ दोस्ती निभाई।
एक गुंडा, एक डकैत का साथ दे रहा
विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने कहा कि मैंने उनकी बहन पर अत्याचार होने पर उनके परिवार का साथ देते हुए पांच हजार लोगों के साथ कमिश्नरी घेर ली थी, तब लोगों ने कहा था कि एक गुंडा, एक डकैत का साथ दे रहा है। बकौल प्रीतम लोधी, क्या एक गुंडा और एक डकैत इंसान नहीं होते हैं क्या?
उन्होंने यहां तक कहा कि वह बहुत सौभाग्यशाली हैं कि आज उन्हें अपने भाई की तस्वीर पर माल्यार्पण करने का अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने बघेल समाज के लोगों को भरोसा दिलाया कि मैं जिस तरह अपने भाई रामबाबू के साथ था, वैसे ही मैं आपके साथ रहकर आपका संरक्षण करूंगा। प्रीतम लोधी के अनुसार रामबाबू गडरिया डकैत बनने लायक नहीं था, वह सामंतशाही से परेशान होकर डकैत बना था।
कौन था रामबाबू गड़रिया
बता दें कि पांच लाख रुपये का इनामी रामबाबू गड़रिया पुलिस रिकॉर्ड में टी-1 यानी टारगेट-वन के नाम से जाना जाता था। ग्वालियर के हरसी गांव निवासी अपने भाई दयाराम गड़रिया के साथ उसके गिरोह का 1989 से 2007 तक आतंक रहा। दिनदहाड़े अपहरण, लूट और हत्याओं के अलावा कई पुलिसकर्मी भी उसके निशाने पर आए। उसकी सबसे खौफनाक वारदातों में से एक ग्वालियर के भंवरपुरा गांव में मुखबिरी के शक में 13 गुर्जरों को एक लाइन में खड़ा कर गोली मार देना था।
यह घटना देशभर में सुर्खियों में रही थी। वर्ष 1999 और 2007 में उसके एनकाउंटर में मारे जाने का दावा किया गया, लेकिन दोनों ही दावे गलत साबित हुए। आखिरकार अप्रैल 2007 में खोड़ के जंगल में हुई मुठभेड़ में उसके मारे जाने का दावा किया गया। इसके बाद गिरोह की गतिविधियां लगभग थम गईं। हालांकि, उसकी मौत को लेकर पाल-बघेल समाज आज भी सवाल उठाता रहा है।
यह भी पढ़ें- MP Weather: नौतपा में प्री-मानसून की एंट्री! भोपाल सहित कई जिलों में आंधी-बारिश; 8 जिलों में ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट