
नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी। शिवपुरी और ऊपरी क्षेत्रों में शुक्रवार शाम से लगातार हो रही बारिश के बीच अटल सागर (मड़ीखेड़ा) बांध के जलग्रहण क्षेत्र में भी लगातार वर्षा हो रही है। बांध में पानी की आवक और जलस्तर बढ़ने को देखते हुए शुक्रवार दोपहर बाद जलद्वार खोलकर 500 से 1000 क्यूमेक्स अतिरिक्त पानी छोड़ा जा सकता है।

मड़ीखेड़ा बांध से छोड़ा गया अतिरिक्त पानी सिंध नदी के माध्यम से मोहनी पिकअप वियर पहुंचेगा। जलस्तर को नियंत्रित रखने के लिए मोहनी पिकअप वियर के जलद्वारों को भी बढ़ाकर अतिरिक्त पानी की निकासी की जा सकती है। स्थिति को देखते हुए सिंचाई विभाग ने सिंध नदी के किनारे बसे गांवों में अलर्ट जारी किया है।
प्रशासन ने ग्रामीणों से नदी के किनारे नहीं जाने और नदी या नालों में प्रवेश नहीं करने की अपील की है। बच्चों और बुजुर्गों को नदी के आसपास न भेजने तथा पशुओं को भी नदी किनारे नहीं ले जाने की चेतावनी दी गई है। जलप्रवाह वाले क्षेत्रों के साथ पुल और रपटों को पार करने का प्रयास नहीं करने को भी कहा गया है।
मड़ीखेड़ा बांध से पानी छोड़े जाने पर मड़ीखेड़ा, धमकन, पचपेड़िया, कल्याणपुर, नानकपुर, सुल्तानपुर एवं पवा संभावित बाढ़ प्रभावित गांव हैं। मोहनी पिकअप वियर से ख्यावदा, साबोली, सुडा, धमधौली, सीहोर, निहाबारा, सुड, पनघटा, मगरोनी एवं पुलाहा गांव प्रभावित हो सकते हैं।
बांध के जलद्वार खोलने एवं जल निकासी का समय जल आवक एवं बांध के जलस्तर के अनुसार कभी भी हो सकता है। अतः सभी नागरिक सतर्क रहें तथा सिंध नदी एवं उसके आसपास के क्षेत्रों से पर्याप्त दूरी बनाए रखें।
-नवीन शाक्य, कार्यपालन यंत्री, सिंध परियोजना संभाग, मड़ीखेड़ा शिवपुरी