
नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी। मुरैना में धार्मिक आयोजन में शामिल होकर इंदौर लौट रहे खजुराहो सांसद व भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के भतीजे प्रशांत शर्मा की कार सोमवार रात बदरवास थाना क्षेत्र के ग्राम श्रीपुर पास होटल संचालक अरुण परिहार की स्कार्पियो से टकरा गई। हादसे में इंदौर निवासी प्रशांत के परिवार के चार सदस्य घायल हो गए। कार के एयरबैग खुलने से बड़ा हादसा टल गया।
मामला तब बिगड़ गया जब प्रशांत ने दुर्घटना के बाद होटल संचालक पर मारपीट कर 50 हजार रुपये वसूलने का आरोप लगाया। मामले में प्रशांत शर्मा की शिकायत पर अरुण परिहार, आदित्य प्रताप सिंह सहित कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बदरवास थाना प्रभारी शिखा तिवारी ने बताया कि दोनों पक्षों के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर विवेचना की जा रही है।
18 मई की शाम करीब छह बजे प्रशांत शर्मा परिवार के साथ शिवपुरी-इंदौर हाईवे से जा रहे थे। श्रीपुर स्थित आदित्य होटल के कट से अरुण परिहार की स्कार्पियो रोड क्रास कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार प्रशांत की कार स्कार्पियो से टकरा गई।
सीसीटीवी में कार की तेज टक्कर साफ दिख रही है। हादसे में प्रशांत शर्मा के बेटे अथर्व के चेहरे पर चोट आई, जबकि पत्नी कृष्णा शर्मा और बेटियां आकांक्षा व अनन्या मामूली रूप से घायल हुईं। सभी को शिवपुरी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
हादसे के बाद विवाद गहरा गया। प्रशांत शर्मा का आरोप है कि होटल संचालक अरुण परिहार और बेटे आदित्य प्रताप सिंह ने कार नुकसान का हवाला देकर 50 हजार रुपये न देने पर लात-घूंसों से मारपीट की और रिपोर्ट करने पर जान से मारने की धमकी दी।
यह भी पढ़ें- 'अब और मोहलत नहीं, हर हाल में वसूलेंगे...', संबल घोटाले की 80 लाख रिकवरी मामले में निगम आयुक्त ने दी अंतिम चेतावनी
होटल संचालक अरुण परिहार ने आरोपों को सिरे से खारिज किया। उनका कहना है कि हादसे के बाद स्टाफ ने घायलों की मदद की और पानी पिलाकर बैठाया। घायल अथर्व और परिवार के अन्य सदस्यों की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिसमें होटल स्टाफ पानी पिलाते नजर आ रहा है।
झगड़ा तब शुरू हुआ जब प्रशांत शर्मा उनका वीडियो बनाने लगे। इसका विरोध करने पर प्रशांत की बेटी ने थप्पड़ मारा और मोबाइल छीनने की कोशिश हुई। परिहार ने कहा कि न तो मारपीट की गई और न ही रुपये मांगे गए।