
नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी। नरवर से 12 किमी दूर बड़ेरा गांव स्थित एक स्कूल में मंगलवार को एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जहां एक नाग ने ऑन कैमरा अपने पेट से नागिन को उगला। नाग का रेस्क्यू करने वाले सर्प मित्र सलमान पठान का दावा है कि नाग ने एकतरफा प्यार में नागिन की हत्या कर उसे निगल लिया था।
जानकारी के अनुसार ग्राम बड़ेरा के एक स्कूल में नाग-नागिन होने की सूचना सर्प मित्र सलमान पठान को देते हुए उन्हें वहां रेस्क्यू के लिए बुलाया गया। जब सलमान पठान वहां पहुंचे तो उन्हें स्कूल में सिर्फ नाग नजर आया, नागिन नहीं थी।
सर्प मित्र के अनुसार, जब उन्होंने नाग को पकड़ने की कोशिश की तो उसने अचानक अपने मुंह से एक मरी हुई नागिन को बाहर उगल दिया। वहां मौजूद लोगों के होश उड़ गए। सलमान पठान के अनुसार ये इंडियन रैट कोबरा था और जो मादा निकली वो इंडियन स्पेक्टेकल्ड कोबरा थी।
बड़ेरा में नाग ने उगली नागिन, एकतरफा प्यार में हत्या का दावा pic.twitter.com/ScXGuz38TA
— NaiDunia (@Nai_Dunia) June 30, 2026
बारिश का मौसम मिलन का समय होता है। नागिन अगर मिलन के लिए तैयार न हो तो कई बार नर नाग गुस्से में मादा को मार देते हैं और निगल जाते हैं। इसके बाद खतरा महसूस होने पर भागने के लिए वजन हल्का करने को सांप शिकार को उगल देते हैं। उन्होंने इसे एकतरफा प्यार में हत्या बताया। नाग को पकड़कर जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया और मरी हुई नागिन को जमीन में दफना दिया गया।
इंडियन रैट कोबरा और स्पेक्टेकल्ड कोबरा का मिलन जैविक रूप से असंभव है। इंडियन रैट स्नेक धामन सांप होता है जो जहरीला नहीं होता। स्पेक्टेकल्ड कोबरा यानी भारतीय नाग जहरीला होता है। ये दो अलग-अलग प्रजातियां हैं और आपस में प्रजनन नहीं कर सकतीं। धामन अक्सर कोबरा जैसे फन फैलाने का नाटक करता है, इसलिए भ्रम होता है।
वैज्ञानिक तथ्यों के अनुसार एकतरफा प्यार या गुस्से को वजह बताना मानवीय भावनाओं का आरोपण है। यह घटना भोजन की कमी या प्रभुत्व की लड़ाई हो सकती है। यह सही है, खतरा होने पर या तेजी से भागने के लिए सांप वजन हल्का करने को खाया हुआ शिकार उगल देते हैं।