
नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी (रन्नौद)। शिवपुरी में शनिवार शाम रन्नौद थाने के सामने वाहन चेकिंग के दौरान बवाल हो गया। यहां कार चालक का सीट बेल्ट न पहनने के कारण शुरू हुए विवाद के बाद भीड़ ने आरक्षक को पीट दिया और वर्दी फाड़ दी। भीड़ ने एक गर्भवती के पेट में लात मारने का आरोप लगाते हुए चक्काजाम भी किया।
दो दिन पहले नरवर थाने के सामने करैरा के भाजपा विधायक रमेश खटीक के शिक्षक भाई भाग्य चंद्र खटीक ने भी एक आरक्षक परमाल सिंह कुशवाह के साथ हाथापाई करते हुए उसके हाथ से चाबी छीनने का प्रयास किया था।
दरअसल में रन्नौत में सड़क सुरक्षा अभियान के तहत लगाई गई चेकिंग में पुलिस ने कार चालक मनोज जाटव को रोक कर दस्तावेज चेक किए। सीट बेल्ट नहीं लगाए जाने के चलते चालान काटने की बात सुनते ही उसने साले नीलेश जाटव को बुला लिया। दस्तावेज पूरे होने के बावजूद चालान की बात पर दोनों पक्षों के बीच में कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते लोगों की भीड़ जुट गई। दोनों पक्षों के बीच में हाथापाई और मारपीट तक की नौबत आ गई। इसी दौरान वहां मौजूद एक आरक्षक अवधेश शर्मा के साथ भीड़ ने मारपीट करते हुए उसके सिर में पत्थर मार दिया, जिससे उसके सिर से खून बहने लगा। भीड़ ने आरक्षक की वर्दी तक फाड़ दी।
इसके बाद भीड़ ने थाने के सामने चक्काजाम कर दिया। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। गुस्साई भीड़ का कहना था कि आरक्षक ने भीड़ में शामिल एक गर्भवती महिला के पेट में लात मार दी, जिससे वह जमीन पर गिर गई और उसके पेट में दर्द होना शुरू हो गया। भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। कहना था कि जब तक कार्रवाई नहीं होगी, वह चक्काजाम नहीं हटाएंगे।
आरक्षक ने किसी महिला को कोई लात नहीं मारी है। उक्त लोगों ने आरक्षक के साथ मारपीट करते हुए उसकी वर्दी फाड़ी है, जिसका वीडियो मौजूद है। अब दबाव बनाने के लिए चक्काजाम कर रहे हैं। फिलहाल तो यह स्पष्ट ही नहीं है कि वह आखिर चक्काजाम क्यों किए हुए हैं।
-अरविंद चौहान, थाना प्रभारी, रन्नौद