
नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी। शिवपुरी जिले की पिछोर तहसील क्षेत्र में बीती रात हुई मूसलाधार बारिश ने कहर बरपाया है। लगातार हुई भारी बारिश के कारण क्षेत्र की जीवनदायिनी महुअर नदी उफान पर आ गई है। नदी-नाले ओवरफ्लो होने से ग्राम पंचायत गुरुकुदवाया, सजोर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रात भर हुई तेज बारिश से निचले इलाकों में पानी भर गया है। गुरुकुदवाया पंचायत के कई घरों में 2 से 3 फीट तक पानी घुस गया, जिससे ग्रामीणों का घरेलू सामान खराब हो गया। वहीं शासकीय स्कूलों में भी पानी भर जाने से स्कूल परिसर जलमग्न हो गया है।
बारिश के कारण गांव की सड़कें, गलियां और खेत तालाब में तब्दील हो गए हैं। बच्चों को स्कूल आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, कई जगह रास्ता बंद होने से विद्यार्थी स्कूल नहीं पहुंच सके। वहीं ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों और आवागमन में भी काफी दिक्कत हो रही है।
सजोर और आसपास के गांवों में भी नदी का पानी घुसने से स्थिति गंभीर बनी हुई है। खेतों में खड़ी फसलें जलमग्न हो गई हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान की आशंका है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों का जल्द सर्वे कर राहत कार्य शुरू किया जाए और जल निकासी की उचित व्यवस्था की जाए। फिलहाल क्षेत्र में बारिश का दौर जारी है और महुअर नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश को बड़ी सौगात... शिवपुरी में खुलेगा अत्याधुनिक मिसाइल प्लांट, 5000 लोगों को मिलेगा रोजगार