शिवपुरी: ससुराल की प्रताड़ना से तंग मां ने मासूम बेटे को फंदे पर लटकाया, फिर खुद की भी दी जान; वीडियो में सुनाई दर्दभरी दास्तां
घटना गुरुवार रात शिवपुरी जिले के करैरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम जुझाई की है। ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 09 May 2026 08:34:22 AM (IST)Updated Date: Sat, 09 May 2026 08:36:09 AM (IST)
मृतिका महिला भावना पत्नी राहुल लोधी। नईदुनियाHighLights
- मां की मौत, बेटा गंभीर रूप से घायल
- पति, सास-ससुर को ठहराया जिम्मेदार
- भावना ने प्रसारित वीडियो में प्रताड़ना की बात कही
नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी। पति, सास-ससुर की प्रताड़ना से तंग आकर एक मां ने पहले अपने पांच साल के बेटे को साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगाई। इसके बाद उसी साड़ी से वह खुद भी फांसी पर झूल गई। इस घटना में मां की मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल है।
सास और पति गिरफ्तार, ससुर फरार
उसे उपचार के लिए झांसी रेफर किया गया है। आत्महत्या से पहले महिला ने इंटरनेट पर वीडियो बनाकर प्रसारित किया है, जिसमें वह मौत का जिम्मेदार सास-ससुर और पति को ठहरा रही है। पुलिस ने सास और पति को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि ससुर फरार है। घटना गुरुवार रात शिवपुरी जिले के करैरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम जुझाई की है।
जानकारी के अनुसार ग्राम जुझाई निवासी 25 वर्षीय महिला भावना पत्नी राहुल लोधी ने गुरुवार की देर रात अपने इंटरनेट मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो अपलोड कर बहुप्रसारित किया। वीडियो में वह रोते हुए कह रही है कि पति राहुल लोधी, सास लीलावती लोधी और ससुर वीरपाल लोधी उसे पिछले चार दिन से लगातार पीट रहे हैं। इससे तंग आकर वह अपने पांच वर्षीय बेटे आदित्य लोधी के साथ फांसी लगा रही है। इसके बाद भावना ने अपने कमरे में साड़ी के एक छोर से बेटे आदित्य को फांसी लगा दी।
फिर भावना ने दूसरे छोर से अपने गले को बांधकर फंखे से लटककर फांसी लगा ली। इस घटना में भावना की मौत हो गई। जबकि आदित्य गंभीर रूप से घायल है। घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह तब लगी जब राहुल ने कमरे में जाकर देखा। इसके बाद वह दोनों को अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां भावना को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं आदित्य को उपचार के लिए झांसी रेफर किया गया है। वहीं करैरा थाना पुलिस ने मृतक महिला के पति, सास व ससुर के खिलाफ बीएनएस की धारा-108,3 (5) के तहत प्रकरण दर्ज कर शुक्रवार की देर शाम पति व सास को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू की है।
कैलारस: शाम को फोन पर बेटे से बात की और रात में लगाली फांसी
कैलारस के गांव में रहने वाले लघु किसान वीरबल रजक (60) ने गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात अपने घर के आंगन में खड़े नीम के पेड़ से फांसी लगाकर जान दे दी। फांसी से पहले शाम को उसने अपने बेटे से फोन पर बात की थी। नोट में उल्लेख है कि वह अपनी स्वेच्छा से फांसी लगा रहा है इसके लिए कोई जिम्मेदार नहीं है। कैलारस पुलिस ने पीएम कराने के बाद वृद्ध की मौत से जुड़े कारणों की जांच शुरू कर दी है।