शिवपुरी के दिनारा में तीन बेटियों के बाद बेटे के जन्म की खुशियां मातम में बदलीं, प्रसूता की मौत पर थाने के सामने हंगामा
स्वास्थ्य विभाग ने महिला की मौत का कारण जानने के लिए न सिर्फ उसका पीएम करवाया है, बल्कि एक जांच टीम भी गठित कर दी है।
Publish Date: Sun, 20 Sep 2026 05:58:11 PM (IST)Updated Date: Sun, 20 Sep 2026 05:58:52 PM (IST)
सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन करते मृतिका के स्वजन। वीडियोग्रेबHighLights
- बेटे के जन्म के 3 घंटे बाद बिगड़ी तबीयत
- लापरवाही का आरोप, थाने पर रखा शव
- डॉक्टरों की टीम गठित, पीएम रिपोर्ट से खुलेगा राज
नईदुनिया प्रतिनिधि शिवपुरी। दिनारा थानांतर्गत स्वास्थ्य केंद्र में एक प्रसूता द्वारा सामान्य रूप से बेटे को जन्म दिया। परिवार बेटे के जन्म की खुशियां मना रहा था। क्योंकि आंगन में तीन बेटियों के बाद बेटे की किलकारी गूंजी थी, परंतु इस परिवार की यह खुशियां कुछ घंटे बाद ही मातम की चीखों में बदल गईं, क्योंकि परिवार को खुशियां देने वाली हाई रिस्क प्रसूता की अचानक तबीयत बिगड़ी और वह इस दुनिया को छोड़कर चली गई। इसके बाद स्वजनों ने रातभर सड़क पर शव रखकर हंगामा किया।
स्वास्थ्य विभाग ने महिला की मौत का कारण जानने के लिए न सिर्फ उसका पीएम करवाया है, बल्कि एक जांच टीम भी गठित कर दी है।
क्या है पूरा मामला
प्रसूता ज्योति पत्नी हरिमोहन वंशकार, निवासी जरगबा अब्बल के यहां तीन बेटियां थीं, लेकिन बेटे की चाह में 35 साल की उम्र में चौथी बार गर्भवती हई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार प्रसूता हाई रिस्क प्रसूता थी। उसे उसके परिवार वाले 19 सितंबर को दोपहर 1:38 मिनट पर दिनारा स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्रसूता का हिमोग्लोबिन 9.3 ग्राम था, प्रसूता की स्थिती ऐसी थी कि हाई रिस्क होने के बाबजूद डॉक्टरों को उसे हायर सेंटर पर रैफर करने का समय नहीं मिला।
प्रसूता ने स्वस्थ बेटे को जन्म दिया
दोपहर 1:50 बजे प्रसूता ने सामान्य प्रसव के दौरान ही 2480 ग्राम के स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। प्रसव के बाद प्रसूता को 2 घंटे तक आब्जर्व किया, उस समय तक प्रसूता को कोई परेशानी नहीं थी, लेकिन शाम करीब 4:30 बजे प्रसूता को घबराहट और बेचैनी हुई। ड्यूटी पर उपस्थित नर्स द्वारा प्रसूता का बीपी चेक किया गया और ब्लीडिंग चेक की। प्रसूता को कोई ब्लीडिंग नहीं थी। नर्स ने तत्काल 108 एम्बुलेंस को फोन किया। शाम 5 बजे 108 आ गई। प्रसूता को दतिया रेफर कर दिया गया।
...और प्रसूता को 108 से उतार कर ले गए झांसी
रेफर के अनुसार 108 एंबुलेंस प्रसूता को रेफरल सेंटर झांसी लेकर जा रही थी, परंतु स्वजन झांसी ले जाने की जिद करने लगे व प्रसूता को एंबुलेंस से उतारकर प्राइवेट वाहन से झांसी ले गए। जिसकी सूचना ईएमटी ने दिनारा स्वास्थ्य केंद्र पर दी। इसके बाद प्रसूता ने उपचार के दौरान झांसी में दम तोड़ दिया। रात 10:30 बजे मृतिका के स्वजन उसे दिनारा वापस ले आए और थाने के सामने सड़क पर शव रखकर चिकित्सकीय स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे।
दूसरे ब्लॉक के डॉक्टर से कराया पीएम, जांच शुरू
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषिश्वर के अनुसार स्वजनों की मांग पर पिछोर में पदस्थ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. बृजेश शर्मा से प्रसूता का पीएम करवाया है। इसके साथ ही पूरे मामले की जांच के लिए एक दल गठित किया है, जिसमें डॉक्टर बृजेश शर्मा के साथ जिला अस्पताल में पदस्थ स्टाफ नर्स रानी मेहरा, जिला कम्युनिटी मोबाइलाइजर जितेन्द्र पटेल वा जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. शीतल व्यास को शामिल किया है। यह टीम महिला के मौत के कारणों की जांच करेगी।