
नईदुनिया प्रतिनिधि, टीकमगढ़। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को जन विश्वास अभियान के तहत टीकमगढ़ पहुंच गए। पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान हेलीपैड पर जाने से रोकने को लेकर कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच नोकझोंक भी हुई।
मुख्यमंत्री हेलीपैड से सीधे जिला अस्पताल पहुंचे और निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद मुख्यमंत्री आंगनबाड़ी केंद्र तखा के निरीक्षण के लिए रवाना हुए।
जन विश्वास अभियान के तहत तखा आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण करने पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बच्चों के साथ सहज और आत्मीय पल बिताए। अन्नप्राशन कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बच्चों से संवाद करते हुए पूछा कि क्या वे रोजाना आंगनबाड़ी आते हैं? इस पर बच्चों ने मुस्कुराते हुए 'हां' में उत्तर दिया और मुख्यमंत्री को कहानी भी सुनाई।

अस्पताल का निरीक्षण करते सीएम। नईदुनिया
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। नगर पालिका परिषद के सभाकक्ष में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में डॉ. यादव सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों और जनसमस्याओं की सीधे समीक्षा करेंगे। समीक्षा के लिए चयनित 30 मामलों में पांच शिकायतें गंभीर श्रेणी की हैं। इनमें ऊर्जा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, सहकारिता, महिला एवं बाल विकास तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग से जुड़े मामले शामिल हैं।
मुख्यमंत्री इन मामलों में संबंधित आवेदकों से सीधे संवाद कर वस्तुस्थिति जानेंगे और मौके पर ही निराकरण के निर्देश दे सकते हैं। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री शाम करीब 5 बजे हेलीकाप्टर से टीकमगढ़ से रवाना होंगे।