_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, टीकमगढ़। सागर लोकायुक्त पुलिस की टीम ने जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय में MPW देशराज घोष को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कर्मचारी कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर नौकरी लगवाने के एवज में 80 हजार रुपए की घूस मांग रहा था।
टाउन इन्सपेक्टर (TI) के मुताबिक- शिकायतकर्ता अरविंद राजपूत ने सागर लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि देशराज घोष उनसे नौकरी दिलाने के नाम पर कुल 80 हजार रुपए रिश्वत की मांग कर रहा है।
शिकायत की सत्यता जांचने (वेरिफिकेशन) के बाद लोकायुक्त टीम ने रंगे हाथों पकड़ने के लिए जाल बिछाया। शुक्रवार को जैसे ही अरविंद ने रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 10,000 रुपए आरोपी देशराज को सौंपे, वैसे ही आसपास मौजूद लोकायुक्त की टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
कार्रवाई के दौरान एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। नरेंद्र नाम के एक अन्य पीड़ित ने भी आरोपी देशराज घोष पर नौकरी लगवाने के नाम पर पहले 5 लाख रुपए ऐंठने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि इस पैसों के लेनदेन से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसकी लोकायुक्त टीम जांच कर रही है।
लोकायुक्त सागर की टीम ने आरोपी कर्मचारी देशराज घोष के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (Prevention of Corruption Act) के तहत मामला दर्ज किया है।
यह भी पढ़ें- 10 अगस्त तक e-KYC न कराने पर घरेलू सिलेंडर के लिए चुकाने होंगे कमर्शियल दाम, 85 हजार कंज्यूमर पर मंडराया संकट