
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। मार्ग चौड़ीकरण की कार्रवाई के तहत उज्जैन नगर निगम प्रशासन ने मंगलवार दोपहर केडी गेट चौराहे पर स्थित बोहरा समाज की मस्जिद का बड़ा हिस्सा हटा दिया। कार्रवाई शुरू होने पर कुछ लोगों ने विरोध किया, लेकिन बाद में प्रशासन का सहयोग किया। कार्रवाई के दौरान निगम और प्रशासन के अधिकारियों के साथ भारी पुलिस बल तैनात रहा।
हालांकि मुस्लिम समाज के विरोध के बाद कार्रवाई रोकना पड़ी। शहर में मार्ग चौड़ीकरण के लिए प्रशासन लोगों से सहमति बनाकर धार्मिक स्थलों को हटाकर नई जगह बनाने की प्रक्रिया पर काम कर रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को नगर निगम का अमला केडी गेट स्थित बोहरा व मुस्लिम समाज की मस्जिद को हटाने पहुंचा। बोहरा समाज की मस्जिद के हिस्से को हटाया गया।
इसके बाद मदीना मस्जिद और जमीयतुल कुरैश कस्साबान मस्जिद के हिस्से को हटाने के लिए प्रशासन की टीम पहुंची। जेसीबी से कार्रवाई शुरू होते ही मुस्लिम समाज के लोगों ने विरोध किया। समाज की महिलाएं सड़क पर बैठक गई। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। प्रभावित हिस्से को लेकर समाज के लोग मौके पर पहुंचे और प्रशासन के सामने अपनी बात रखी। शहर काजी खलिकुर्रहमान ने बताया कि प्रशासन के साथ बैठकर पूरे मामले पर चर्चा की जाएगी।
मार्ग चौड़ीकरण की योजना के तहत सती गेट मार्ग पर स्थित खड़े हनुमान और टकसाली हनुमान मंदिर को भी शिफ्ट करने की तैयारी पूरी हो गई है। वहीं छत्रीचौक स्थित मस्जिद का करीब 11 फीट हिस्सा मार्ग चौड़ा करने के लिए हटाया जाना प्रस्तावित है।
इसके लिए मस्जिद कमेटी को नगर निगम की ओर से नोटिस जारी किया जा चुका है। प्रशासन का फोकस मार्ग चौड़ा करने के साथ धार्मिक स्थलों को लेकर सहमति बनाने पर है, ताकि सड़क विकास का काम विवाद के बजाय समन्वय के साथ आगे बढ़ सके। केडी गेट की कार्रवाई इसी प्रक्रिया की अगली कड़ी मानी जा रही है।
यह भी पढ़ें- उज्जैन सिंहस्थ 2028 में हाई-टेक सुरक्षा: ड्रोन से होगी भीड़ पर नजर, अपनों को तलाशने बनेगा 'खोया-पाया' एप