छात्राओं ने स्कूल जाना छोड़ा तो पता चला कि हेडमास्टर करता था छेड़छाड़, उमरिया जिले की घटना
आरोप है कि हेड मास्टर छात्राओं को किसी भी बहाने से अपने कक्ष में बुला लेता था और छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करता, जिससे छात्राएं परेशान थीं। 28 जनवरी को ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 31 Jan 2026 10:08:10 AM (IST)Updated Date: Sat, 31 Jan 2026 10:23:27 AM (IST)
स्कूल परिसर में पहुंचे ग्रामीण।HighLights
- कलेक्टर-एसपी से की गई हड़हा मिडिल स्कूल के हेडमास्टर की शिकायत
- हेडमास्टर द्वारा कक्षा छात्राओं के साथ लगातार छेड़छाड़ की जा रही थी
- परिजनों ने स्कूल नहीं जाने का कारण पूछा तो छात्राओं ने किया खुलासा
नईदुनिया प्रतिनिधि, उमरिया। उमरिया जिले के करकेली जनपद क्षेत्र के हड़हा मिडिल स्कूल की कई छात्राओं ने हेडमास्टर के खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत की है। शुक्रवार की दोपहर शुरू हुआ यह घटनाक्रम शाम तक चलता रहा। इस मामले में कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम अंबिकेश प्रताप सिंह ने जिला शिक्षा अधिकारी को जांच करने के लिए कहा है।
डीईओ आरएस मरावी का कहना है कि मामले की शिकायत सामने आने के बाद उन्हें जांच करने के लिए कहा गया है और जांच के बाद ही इस मामले में कुछ कहा जा सकता है। इस मामले में एक शिकायत पत्र कलेक्टर और एसपी को सौंपा गया है। शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि हड़हा मिडिल के हेडमास्टर द्वारा कक्षा आठवीं की छात्राओं के साथ लगातार छेड़छाड़ की जा रही है।
28 जनवरी को भी की छेड़छाड़
दुलारे कोरी, रामकिशोर, गुलाब कोरी, मोहन बैगा, जगदीश कोरी, विमल बैगा ने बताया कि हेड मास्टर छात्राओं को किसी भी बहाने से अपने कक्ष में बुला लेते हैं और छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करते थे। जिससे छात्राएं परेशान थीं। 28 जनवरी को हेडमास्टर ने कई छात्राओं को अपने कक्ष में बुलाया और फिर उनके साथ छेड़छाड़ की।
स्कूल जाना बंद कर दिया
परेशान होकर छात्राएं स्कूल से घर चली गईं। इसके बाद उन्होंने स्कूल जाना बंद कर दिया। जब अभिभावकों ने पूछा कि वे स्कूल क्यों नहीं जा रहीं है तो छात्राओं ने उन्हें बताया कि स्कूल में हेडमास्टर उनके साथ छेड़छाड़ करते हैं। यह जानकारी सामने आने के बाद अभिभावक पहले तो घबरा गए लेकिन बाद में उन्होंने आपस में चर्चा करके इसकी शिकायत करने का मन बना लिया।
ग्रामीणों और हेडमास्टर का बयान दर्ज किया जाएगा
इस संदर्भ में शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच करने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी को कहा गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। अंबिकेश प्रताप सिंह, एसडीएम बांधवगढ़। एसडीएम ने इस मामले की जानकारी दी है। उन्होंने गंभीरता से जांच करने के लिए कहा है। ग्रामीणों और हेडमास्टर का बयान दर्ज किया जाएगा। - आरएस मरावी, डीईओ उमरिया।