विदिशा में फिल्मी स्टाइल में डकैती, तलवार की नोंक पर पिता-पुत्र को बनाया बंधक, 48 तोला सोना और 10 लाख की लूट
MP News: मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के त्योंदा थाना क्षेत्र के ग्राम रायखेड़ी में शुक्रवार की रात चार बदमाशों ने तलवार की नोंक पर पिता और पुत्र को बंध ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 24 Jan 2026 10:06:44 PM (IST)Updated Date: Sat, 24 Jan 2026 10:06:44 PM (IST)
तलवार की नोंक पर पिता-पुत्र को बनाया बंधक (सांकेतिक तस्वीर)दुनिया प्रतिनिधि, विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के त्योंदा थाना क्षेत्र के ग्राम रायखेड़ी में शुक्रवार की रात चार बदमाशों ने तलवार की नोंक पर पिता और पुत्र को बंधक बनाकर घर में रखे 48 तोला सोने के जेवर और दस लाख रुपये नकदी लूट लिया। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपित को पकड़ लिया है। पुलिस के अनुसार घटना रात करीब 12:30 से 1:00 बजे के बीच की बताई जा रही है। चार बदमाश गांव के पटेल, बृज बिहारी कुर्मी के घर में छत के रास्ते दाखिल हुए।
आहट होने पर जैसे ही बृज बिहारी कुर्मी की नींद खुली, बदमाशों ने उन्हें काबू में कर लिया। इसके बाद उनके बेटे सत्यम कुर्मी को भी बंधक बना लिया और तलवारों की नोक पर बदमाशों ने बृज बिहारी की पत्नी से पेटी में रखे जेवर और करीब दस लाख रुपये की नकद राशि निकलवाई और दो थैलों में रखकर भाग गए। बृज बिहारी के बड़े बेटे धर्मेंद्र ने बताया कि घटना की रात वे राहतगढ़ गए हुए थे।
उन्होंने परिवार को लोगों के हवाले से बताया कि चारों बदमाश मुंह पर काला गमछा बांधे हुए थे और उनकी उम्र 25 से 30 वर्ष के लगभग थी। घर में 10 लाख रुपये कुछ दिन पहले ही सोयाबीन बेचने के बाद आए थे। वे बैंक में जमा कराते , इसके पहले ही यह घटना हो गई।
यह भी पढ़ें- भोपाल नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, संपत्तिकर न भरने वाले 5 बड़े बकायादारों की संपत्तियों पर जड़ा ताला, लाखों का टैक्स है पेंडिंग
एसपी रोहित काशवानी ने बताया कि घटना को अंजाम देकर भाग रहे आरोपितों में से एक आरोपित राहतगढ़ पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। वहीं पुलिस को एक थैला भी मिला है, जिसमें कुछ जेवर और नकद राशि मिली है। अन्य तीन आरोपितों को पकड़ने के लिए चार टीमें लगाई गई हैं। आरोपितों पर दस हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया है।