विदिशा में रेल पटरियों पर किसान का शव मिला, वीडियो में पूर्व विधायक पर शिवराज और मुकेश टंडन की हत्या कराने का आरोप
थाना प्रभारी ने कहा कि वीडियो के बारे में कहा कि इसकी जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी। मृतक गोविंद के पुत्र दीपक गुर्जर ने भी पूर्व विधायक शशांक भार ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 27 Apr 2026 09:09:37 PM (IST)Updated Date: Mon, 27 Apr 2026 09:26:27 PM (IST)
विदिशा। मृतक किसान गोविंद गुर्जर।HighLights
- किसान ने मरने से पहले जारी किए पांच वीडियो, जिले की राजनीति में हड़कंप।
- गोविंद ने वीडियो में पांच – छह लोगों के नाम लेकर मारपीट का आरोप लगाया है।
- थाना प्रभारी ने वीडियो के बारे में कहा जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी।
नवदुनिया प्रतिनिधि, विदिशा। सिविल लाइन पुलिस थानांतर्गत ग्राम सौराई और सुमेर के बीच सोमवार को रेल पटरियों पर एक किसान का सिर और धड़ दो अलग अलग हिस्सों में मिला। इसके बाद सोशल मीडिया पर इस किसान के पांच वीडियो भी वायरल हुए। जिसने जिले की राजनीति में हड़कंप मचा दिया है।
इन वीडियो में किसान मृत्यु से पहले पूर्व विधायक शशांक भार्गव पर केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और विदिशा विधायक मुकेश टंडन की हत्या करवाने का आरोप लगा रहा है। इसके अलावा वह कांग्रेस नेता सचिन पायलट और सपा नेता अखिलेश यादव से भी मदद की गुहार लगाता सुनाई दे रहा है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी आशुतोष सिंह राजपूत के मुताबिक सोमवार को दोपहर में ग्राम सौराई और सुमेर के बीच एक व्यक्ति का ट्रेन से कटा शव मिला था, जिसकी पहचान बेहलोट निवासी गोविंद गुर्जर के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि मृतक का मेडिकल कॉलेज में तीन डाक्टरों की टीम से पोस्ट मार्टम कराकर शव स्वजनों को सौंप दिया है। उन्होंने बताया कि पीएम की वीडियोग्राफी भी कराई गई है।
थाना प्रभारी ने कहा कि वीडियो के बारे में कहा कि इसकी जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी। मृतक गोविंद के पुत्र दीपक गुर्जर ने भी पूर्व विधायक शशांक भार्गव पर पिता को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि मेरे पापा पढ़े लिखे नहीं थे। भार्गव ने कुछ कागजों पर हस्ताक्षर करवा कर हमारा प्लाट अपने नाम करवा लिया। दीपक ने पिता की मौत का जिम्मेदार पूर्व विधायक भार्गव को ठहराया है।
वीडियो में किसान ने यह लगाए आरोप
- मृतक किसान गोविंद ने एक साथ पांच वीडियो व्हाट्सएप के अलग अलग ग्रुपों के अलावा ग्राम पंचायत बेहलोट के सरपंच पुत्र लकी गुर्जर को भी भेजा था।
- एक वीडियो में गोविंद कह रहे है कि वह पिछले तीन साल से पूर्व विधायक शशांक भार्गव की जमीन बटिया पर कर्ज लेकर लेकर खेती कर रहा था।
- भार्गव की फैक्ट्री में आग लगने के बाद उन्होंने दो साल तक खुद फसल की राशि रख ली। कुछ दिनों पहले जब वह भार्गव के पास अपने पैसे लेने गया तो उन्होंने कहा कि स्टाम्प पेपर ले आओ, लिखापढ़ी के साथ हिसाब कर लेंगे।
- दूसरे दिन जब वह स्टांप लेकर पहुंचा तो उन्होंने कुछ लिखापढ़ी कर उसके हस्ताक्षर ले लिए और हिसाब की राशि अगले दिन देने की बात कही।
- गोविंद वीडियो में कह रहे है कि जब वे अगले दिन पैसे लेने पहुंचे तो भार्गव ने उन्हें रिवॉल्वर देते हुए कहा कि पहले तुम्हें केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज और विधायक मुकेश टंडन को मारना होगा।
- इसके बाद वह पैसे देंगे। उन्होंने ये करने से मना कर दिया। इसी के बाद से भार्गव उन पर गुंडों के माध्यम से दबाव बना रहे थे।
- गोविंद ने वीडियो में पांच – छह लोगों के नाम लेकर उन पर मारपीट का भी आरोप लगाया है।
- अन्य वीडियो में गोविंद गुर्जर समाज से साथ न देने पर चूड़ी पहन लेने और राजस्थान के कांग्रेस मेरा सचिन पायलट और उत्तर प्रदेश के सपा नेता अखिलेश यादव से भी मदद की गुहार लगाते सुनाई दे रहे है।
पूर्व विधायक बोले, निष्पक्ष हो जांच
पूर्व विधायक शशांक भार्गव ने मृतक किसानों के आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि जो आरोप लगाए जा रहे है, वे ऐसा सोच भी नहीं सकते। भार्गव के मुताबिक गोविंद बटिया पर उनकी खेती करता था। जिसका करीब 12 से 13 लाख रुपये उस पर बकाया निकला था। जिसके लिए गोविंद से बातचीत की थी और राशि नहीं देने पर उसका मकान दस लाख रूपये में खरीदने की प्रक्रिया शुरू की थी। उन्होंने कहा था कि जब पैसा वापस दे दोगे तो मकान वापस ले लेना। 30 अप्रैल को मकान की रजिस्ट्री की तारीख थी। भार्गव ने कहा कि इस मामले की निष्पक्ष जांच होना चाहिए। उन्हें न्याय प्रणाली पर पूरा भरोसा है।