विदिशा के लहदरा गांव में तेंदुए की दस्तक से हड़कंप, मवेशियों के शिकार से सहमे किसान; पकड़ने के लिए मुस्तैद हुआ वन अमला
ग्राम लहदरा में तेंदुए ने शुक्रवार की रात घर की सार में घुस कर गाय की बछिया का शिकार किया था। जांच पड़ताल कर तेंदुआ की पुष्टि होने पर रविवार को वन विभ...और पढ़ें
By Ajay JainEdited By: bhupendra Singh Rajput Publish Date: Mon, 22 Jun 2026 02:07:34 PM (IST)Updated Date: Mon, 22 Jun 2026 02:09:03 PM (IST)
तेंदुआ पकड़ने पिंजरा लगाते वन विभाग के कर्मचारी। नईदुनिया।HighLights
- लहदरा गांव में तेंदुए ने घर में घुसकर गाय की बछिया का किया शिकार
- वन विभाग ने जांच में तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि की
- ग्रामीणों की मांग पर तेंदुए को पकड़ने के लिए गांव में पिंजरा लगाया गया
नईदुनिया प्रतिनिधि, विदिशा/गंजबासौदा। विदिशा जिले के गंजबासौदा क्षेत्र के ग्राम लहदरा में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। शुक्रवार रात तेंदुए ने एक घर में घुसकर गाय की बछिया को अपना शिकार बना लिया। घटना के बाद वन विभाग ने जांच कर तेंदुए की पुष्टि की और उसे पकड़ने के लिए गांव में पिंजरा लगा दिया है।
घर में घुसकर बछिया का शिकार किया
जानकारी के अनुसार ग्राम लहदरा निवासी गणेशराम मीणा के घर के परिसर में बनी मवेशियों की बाखर में शुक्रवार रात तेंदुआ घुस गया। तेंदुए ने वहां बंधी गाय की बछिया पर हमला कर उसे मार डाला। घटना की सूचना मिलने पर शनिवार को वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा बनाकर पगमार्क (पदचिह्न) की जांच की। जांच में तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि हुई।
ग्रामीणों में दहशत
लगातार हो रही घटनाओं और ग्रामीणों की शिकायतों के बाद रविवार को वन विभाग ने गांव में तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा स्थापित कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए की दहशत के कारण लोग खेतों में अकेले जाने से बच रहे हैं और खरीफ फसल की तैयारी के लिए भी समूह में खेतों तक पहुंच रहे हैं।
तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया गया है और उसकी लगातार निगरानी की जा रही है। ग्रामीणों को सतर्क रहने और किसी भी गतिविधि की तत्काल सूचना वन विभाग को देने के निर्देश दिए गए हैं।- प्रथमेश जैन, वनरक्षक