भारत को मिली बड़ी उपलब्धि, युद्धग्रस्त स्ट्रेट ऑफ होर्मुज समुद्री मार्ग को पार कर 46,500 MT LPG लेकर भारत पहुंचा ‘नंदा देवी’
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। एलपीजी से लदा एक और बड़ा जहाज ‘नंदा देवी’ मंगलवार तड़के भारत पहुंच गया। ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 17 Mar 2026 01:15:49 PM (IST)Updated Date: Tue, 17 Mar 2026 01:16:30 PM (IST)
HighLights
- शिप-टू-शिप ट्रांसफर प्रक्रिया के जरिए गैस उतारेगा
- स्ट्रेट ऑफ होर्मुज जैसे समुद्री मार्ग को पार कर पहुंचा
- एक दिन पहले ‘शिवालिक’ भी पहुंचा था
डिजिटल डेस्क। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। एलपीजी से लदा एक और बड़ा जहाज ‘नंदा देवी’ मंगलवार तड़के भारत पहुंच गया। इस जहाज में 46,500 मीट्रिक टन से अधिक लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (LPG) लाई गई है।
दीनदयाल पोर्ट अथॉरिटी (DPA) के चेयरमैन सुशील कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि ‘नंदा देवी’ सुबह करीब 2:30 बजे वाडिनार बंदरगाह पहुंचा।
शिप-टू-शिप ट्रांसफर प्रक्रिया के जरिए गैस उतारेगा
यह मदर वेसल अब गहरे समुद्र में एंकरेज क्षेत्र में शिप-टू-शिप (STS) ट्रांसफर प्रक्रिया के जरिए गैस उतारेगा। इसके लिए MT BW Birch के साथ ट्रांसफर की प्रक्रिया आज से शुरू की जाएगी।
उन्होंने जहाज के कैप्टन और क्रू से मुलाकात कर उनके प्रयासों की सराहना की और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
युद्धग्रस्त क्षेत्र से होकर आया जहाज
यह जहाज स्ट्रेट ऑफ होर्मुज जैसे संवेदनशील और संघर्ष प्रभावित समुद्री मार्ग को पार कर भारत पहुंचा है। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच यह इस रूट से आने वाला भारत का दूसरा एलपीजी जहाज है।
एक दिन पहले ‘शिवालिक’ भी पहुंचा था
इससे पहले सोमवार को ‘शिवालिक’ नामक एलपीजी टैंकर गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह पर 46,000 मीट्रिक टन से अधिक एलपीजी लेकर पहुंचा था। इस मात्रा को घरेलू उपयोग के 14.2 किलोग्राम वाले करीब 32.4 लाख गैस सिलेंडरों के बराबर बताया गया।
अधिकारियों के अनुसार, इस तरह का एक बड़ा जहाज देश की कुल दैनिक एलपीजी आयात जरूरत का महत्वपूर्ण हिस्सा पूरा करने में सक्षम होता है।