
डिजिटल डेस्क, नईदुनिया। तमिलनाडु के एक सीफूड एक्सपोर्ट यूनिट में अमोनिया गैस लीक होने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 67 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अमोनिया गैस रिसाव की जानकारी मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रभावित लोगों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के कारणों की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
VIDEO | Tamil Nadu: Several people hospitalised in Tiruvallur after ammonia leaks in shrimp factory.
(Full video available on PTI Videos - https://t.co/n147TvrpG7) pic.twitter.com/GTZBNwMsau
— Press Trust of India (@PTI_News) June 21, 2026
तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले के पेरियापालयम के पास कनिगईपायर गांव स्थित एक झींगा प्रोसेसिंग फैक्ट्री में अमोनिया गैस लीक होने की घटना सामने आई है। हादसे के बाद कई कर्मचारी प्रभावित हुए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्रभावित कर्मचारियों में ज्यादातर उत्तरी राज्यों से आए हुए कर्मचारी शामिल हैं। गैस लीक के कारण कई लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई। वहीं, जिन कर्मचारियों में चक्कर आने और उल्टी जैसे लक्षण दिखाई दिए, उन्हें भी तुरंत चिकित्सा सहायता के लिए भेजा गया।
घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सामने आई तस्वीरों में कर्मचारियों को एम्बुलेंस के जरिए फैक्ट्री से बाहर ले जाते हुए देखा गया।
इस घटना पर गवर्नर राजेंद्र अर्लेकर ने दुख व्यक्त किया है। लोकभवन से जारी बयान में उन्होंने कहा कि तिरुवल्लूर जिले के पेरियापालयम के पास कनिगईपायर गांव में झींगा प्रोसेसिंग फैक्ट्री में अमोनिया गैस लीक की दुखद घटना से उन्हें गहरा दुख हुआ है।
उन्होंने कहा कि इस घटना में कई लोगों की जान चली गई और कई कर्मचारी घायल हुए हैं। गवर्नर ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उन्हें इस कठिन समय में हिम्मत और साहस मिले। उन्होंने इलाज करा रहे सभी लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।