भारत में फिर बढ़ रहा कोविड का खतरा, आंध्र प्रदेश में दो मरीजों की मौत, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
आंध्र प्रदेश के कडप्पा जिले में कोविड-19 के आठ सक्रिय मामले सामने आए हैं। दो संक्रमितों की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर है और निगरानी बढ़ा दी ग...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 12 Jul 2026 01:28:59 PM (IST)Updated Date: Sun, 12 Jul 2026 01:28:59 PM (IST)
भारत में फिर बढ़ रहे कोविड का खतरा। (फाइल फोटो)HighLights
- कडप्पा जिले में कोविड-19 के आठ सक्रिय मामले मिले।
- दो संक्रमित मरीजों की इलाज के दौरान मौत हुई।
- स्वास्थ्य विभाग ने विशेष निगरानी टीमों को तैनात किया।
डिजिटल डेस्क। आंध्र प्रदेश के वाईएसआर कडप्पा जिले में एक बार फिर कोविड-19 संक्रमण ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। पिछले कुछ हफ्तों में जिले में कोरोना संक्रमण के आठ सक्रिय मामले सामने आए हैं, जबकि दो संक्रमित मरीजों की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है। इन घटनाओं के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है।
प्रभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी शुरू कर दी गई है, त्वरित प्रतिक्रिया दल (रैपिड रिस्पॉन्स टीम) तैनात किए गए हैं और संदिग्ध लोगों के सैंपल लेकर जांच कराई जा रही है। राज्य सरकार ने भी सभी जिलों को कोविड-19 से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
दो संक्रमित मरीजों की इलाज के दौरान मौत
- स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, कडप्पा के राजमपेट क्षेत्र के 52 वर्षीय व्यक्ति को बुखार और खांसी की शिकायत के बाद जांच कराई गई, जिसमें वह कोविड-19 संक्रमित पाया गया। उसकी हालत बिगड़ने पर वेल्लोर स्थित क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
- दूसरे मामले में कडप्पा के 43 वर्षीय व्यक्ति की तबीयत खराब होने पर उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच में उसके भी कोविड-19 संक्रमित होने की पुष्टि हुई और इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मेडिकल छात्र समेत आठ सक्रिय मामले
जिले में सामने आए मामलों में कडप्पा मेडिकल कॉलेज का 25 वर्षीय एक मेडिकल छात्र भी शामिल है। उसकी कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई है और फिलहाल उसका इलाज होम आइसोलेशन में चल रहा है। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, जिले में वर्तमान में कोविड-19 के कुल आठ सक्रिय मरीज हैं, जिनकी लगातार निगरानी की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ाई निगरानी
- दो मौतों के बाद स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में विशेष त्वरित प्रतिक्रिया दल तैनात किए हैं। टीमों ने करीब 40 लोगों के नमूने एकत्र किए हैं। इनमें से 18 सैंपलों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है, जबकि शेष नमूनों की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
- वायरस के स्वरूप और उसके संक्रमण के पैटर्न की जानकारी जुटाने के लिए संक्रमित मरीजों के नमूने जीनोम सीक्वेंसिंग हेतु पुणे की प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
सरकार ने दिए सख्त निर्देश
- आंध्र प्रदेश की जिला प्रभारी मंत्री सविता ने अधिकारियों को संक्रमण रोकने के लिए तत्काल प्रभाव से सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिला कलेक्टर और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से चर्चा कर कोविड-19 दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा है।
- अधिकारियों को बुखार, खांसी और सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण वाले लोगों की पहचान कर उनकी जांच कराने तथा जरूरत पड़ने पर आइसोलेशन में भेजने के निर्देश दिए गए हैं। संक्रमित मरीजों के परिवार के सदस्यों की भी तत्काल जांच की जा रही है। जिनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आएगी उन्हें अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में रखा जाएगा, जबकि हल्के लक्षण वाले मरीजों की निगरानी होम आइसोलेशन में की जाएगी।
पूरे राज्य में जारी किया गया अलर्ट
- कडप्पा में कोविड-19 के मामले सामने आने के बाद आंध्र प्रदेश सरकार ने सभी जिलों को अलर्ट जारी किया है। जिला प्रशासन को निगरानी, जांच, रिपोर्टिंग सिस्टम और संक्रमण नियंत्रण उपाय मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।
- अस्पतालों से पर्याप्त आइसोलेशन बेड, दवाइयों और चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, बल्कि सतर्क रहें, स्वच्छता का पालन करें, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क पहनें और कोविड जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें।