
डिजिटल डेस्क। दिल्ली-NCR में शनिवार को सीएनजी की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी (CNG Price Hike) कर दी गई। तेल कंपनियों ने CNG के दाम में एक रुपये प्रति किलो की वृद्धि की है। इसके साथ ही दिल्ली में CNG की कीमत बढ़कर 80.09 रुपये प्रति किलो हो गई है। वहीं नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में अब उपभोक्ताओं को 88.70 रुपये प्रति किलो की दर से CNG खरीदनी होगी।
यह बढ़ोतरी ऐसे समय हुई है जब दो दिन पहले यानी 15 मई को भी CNG के दाम में दो रुपये प्रति किलो की वृद्धि की गई थी। इस तरह एक सप्ताह से भी कम समय में CNG कुल तीन रुपये प्रति किलो महंगी हो चुकी है।
इससे पहले 15 मई को पेट्रोल और डीजल की कीमतों (Petrol Diesel Rates) में भी तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। चार साल से अधिक समय बाद ईंधन की कीमतों में यह बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई। नई दरों के बाद दिल्ली में पेट्रोल 97.77 रुपये प्रति लीटर और डीजल 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गया है।
रिपोर्ट के अनुसार वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में 50 प्रतिशत से अधिक की तेजी आई है। 28 फरवरी को US-Israeli हमलों और ईरान की जवाबी कार्रवाई के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य से ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हुई है। यह मार्ग वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। इसी कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जिसका असर अब भारतीय बाजार पर भी दिखाई देने लगा है।
CNG rates have been increased by Re 1 from today. In Delhi, per KG CNG will cost Rs 80.09. In Noida-Ghaziabad, per KG CNG will cost Rs 88.70. This is the second increase in prices in 2 Days. Earlier on 15th May, CNG prices were increased to Rs 2/KG.
— ANI (@ANI) May 17, 2026
केंद्र सरकार ने पिछले कुछ हफ्तों तक खुदरा ईंधन कीमतों को स्थिर रखा था। विपक्षी दलों ने आरोप लगाया था कि विधानसभा चुनावों के चलते कीमतों में बढ़ोतरी टाली जा रही थी। चुनाव खत्म होने के बाद अब पेट्रोल, डीजल और CNG की कीमतों में लगातार वृद्धि देखने को मिल रही है।