
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। तमिलनाडु के कोयंबटूर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक सिरफिरे युवक ने गर्लफ्रेंड द्वारा ब्रेकअप करने से नाराज होकर उसके घर पर केरोसिन बम (पेट्रोल बम की तरह) से हमला कर दिया। इस हमले के बाद घर के बरामदे में भीषण आग लग गई। धमाके की आवाज सुनकर आस-पास के लोग तुरंत मौके पर इकट्ठा हो गए और सूझबूझ से जल्द ही आग पर काबू पा लिया। इस पूरी खौफनाक घटना का वीडियो वहां लगे एक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य आरोपी कार्तिक उर्फ मारियप्पन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि कार्तिक और पीड़िता के बीच पहले अच्छी दोस्ती थी। हालांकि, कुछ समय बाद लड़की को पता चला कि कार्तिक कोई सीधा-साधा युवक नहीं बल्कि एक आदतन अपराधी है, जिसके ऊपर पहले से ही हत्या समेत 31 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। सच्चाई सामने आते ही लड़की ने उससे दूरी बना ली और बात करना पूरी तरह बंद कर दिया। इसी बात से आक्रोशित होकर युवक ने लड़की के घर को निशाना बनाया और उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
Girl rejects love proposal and the boy allegedly throws a petrol bomb at her house in coimbatore. pic.twitter.com/8Fb2U2eJYC
— GARIMA SINGH (@azad_garima) May 26, 2026
पीड़िता ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि रविवार की शाम आरोपी कार्तिक अपने तीन दोस्तों के साथ बाइक पर सवार होकर उसके घर पहुंचा था। वहां पहुंचते ही उसने घर को निशाना बनाते हुए एक के बाद एक दो केरोसिन बम फेंके। गनीमत यह रही कि हमले के वक्त परिवार का कोई भी सदस्य घर के बाहर बरामदे में मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
बम फेंकने के दौरान लड़की के पिता ने आरोपी का चेहरा साफ देख लिया था और उसकी पहचान कर ली थी। पिता की पहचान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सोमवार को मुख्य आरोपी कार्तिक को सलाखों के पीछे भेज दिया है। बाकी फरार आरोपियों की तलाश जारी है।