
डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। भारत का हाई-स्पीड रेल नेटवर्क का सपना अब हकीकत में बदलने की दहलीज पर है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की है कि मुंबई और अहमदाबाद के बीच देश की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना का निर्माण कार्य बहुत तेजी से चल रहा है। उन्होंने साफ किया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना का पहला चरण अगले साल (2027) शुरू होने जा रहा है, जिससे भारतीय रेलवे एक नए युग में प्रवेश करेगी।
रेल मंत्री ने योजना का खाका पेश करते हुए बताया कि शुरुआत में मुंबई-अहमदाबाद रूट पर सूरत से बिलिमोरा के बीच पहला सेक्शन चालू किया जाएगा। इसके बाद सिलसिलेवार ढंग से आगे का काम बढ़ाया जाएगा, जिसमें वापी से सूरत, वापी से अहमदाबाद, अहमदाबाद से ठाणे और अंत में अहमदाबाद से मुंबई तक का पूरा नेटवर्क पूरी तरह सक्रिय कर दिया जाएगा। रेल मंत्रालय द्वारा जारी एक वीडियो में भी इस बात की पुष्टि की गई है कि प्रोजेक्ट अब अपने अगले महत्वपूर्ण चरण में पहुंच चुका है।
पश्चिम भारत के साथ-साथ दक्षिण भारत को भी इस अत्याधुनिक तकनीक का बड़ा तोहफा मिलने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर हैदराबाद को तीन बड़े हाई-स्पीड बुलेट ट्रेन कॉरिडोर से जोड़ा जा रहा है, जो पूरे क्षेत्र के परिदृश्य को बदल देंगे। ये कॉरिडोर पुणे-हैदराबाद, हैदराबाद-चेन्नई और हैदराबाद-बेंगलुरु के बीच बनेंगे, जिससे हैदराबाद एक प्रमुख हाई-स्पीड हब के रूप में उभरेगा।