दिल्ली सरकार की नई 'बेड एंड ब्रेकफास्ट' नीति 2026, घर के खाली कमरों से होगी मोटी कमाई, जानें कड़े नियम!
दिल्ली में रहने वाले लोगों के लिए रोजगार और कमाई का एक बेहतरीन जरिया शुरू होने जा रहा है। दिल्ली सरकार जल्द ही 'बेड एंड ब्रेकफास्ट' नीति 2026 (Bed and ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 31 May 2026 04:38:17 PM (IST)Updated Date: Sun, 31 May 2026 04:38:17 PM (IST)
सांकेतिक तस्वीर। सौजन्य- AI GeneratedHighLights
- रिहायशी घरों में अधिकतम 8 कमरे किराए पर दे सकेंगे दिल्लीवाले
- महिला पर्यटकों की सुरक्षा के लिए पुलिस वेरिफिकेशन जरूरी
- नियम तोड़े तो बिना नोटिस जांच और सीधे ब्लैकलिस्ट की कार्रवाई
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में रहने वाले लोगों के लिए रोजगार और कमाई का एक बेहतरीन जरिया शुरू होने जा रहा है। दिल्ली सरकार जल्द ही 'बेड एंड ब्रेकफास्ट' नीति 2026 (Bed and Breakfast Policy) लागू करने की तैयारी में है। सरकार ने इस नई नीति का मसौदा (Draft) जारी कर दिया है, जिसका मुख्य उद्देश्य आसान ऑनलाइन पंजीकरण और सेल्फ-सर्टिफिकेशन व्यवस्था के जरिए 'होमस्टे' (Homestay) संस्कृति को बढ़ावा देना है।
इस कदम से जहां राजधानी आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों को ठहरने के लिए सस्ते और घरेलू विकल्प मिलेंगे, वहीं दिल्लीवासियों के लिए अतिरिक्त कमाई के नए रास्ते खुलेंगे।
आम जनता से मांगे गए सुझाव और आपत्तियां
पर्यटन विभाग ने इस मसौदा नीति को और बेहतर बनाने के लिए आम जनता और हितधारकों से सुझाव मांगे हैं...
- समय सीमा: 26 मई से लेकर 30 दिनों के भीतर ईमेल या डाक के जरिए आपत्तियां और सुझाव भेजे जा सकते हैं।
- सुरक्षा पर जोर: इस नई नीति में मेहमानों, विशेषकर अकेले सफर करने वाली महिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर बेहद कड़े प्रावधान किए गए हैं।
प्रस्तावित नीति के मुख्य नियम: कौन और कैसे खोल सकेगा होमस्टे?
यदि आप भी अपने घर में पर्यटकों को ठहराकर कमाई करना चाहते हैं, तो आपको निम्नलिखित नियमों का पालन करना होगा...
- कमरों की सीमा: रिहायशी संपत्तियों (Residential Properties) में छोटे स्तर पर यह सुविधा शुरू की जा सकती है। इसके तहत आपके घर में कम से कम 1 कमरा और अधिकतम 8 कमरे (या 16 बेड) ही पर्यटकों के लिए होने चाहिए।
पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य: सभी पंजीकृत संचालकों को अपने मेहमानों का एक वेरिफाइड रिकॉर्ड रखना होगा। मेहमानों की पूरी जानकारी पर्यटन विभाग के पोर्टल पर अपलोड करनी होगी और स्थानीय पुलिस से वेरिफिकेशन करवाना जरूरी होगा।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम: घर में आग बुझाने वाले यंत्र (Fire Extinguisher), स्मोक या हीट डिटेक्टर, फर्स्ट एड किट और दरवाजों पर मजबूत ताले होने चाहिए।
CCTV सर्विलांस: ऊंची श्रेणी (Premium Units) वाले होमस्टे के मुख्य दरवाजों और कॉमन एरिया में सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य होगा। नियम तोड़े तो सीधे ब्लैकलिस्ट!
इस नीति के तहत सरकार ने निगरानी के लिए अधिकारियों को विशेष अधिकार दिए हैं...
- बिना नोटिस निरीक्षण: पर्यटन विभाग के अधिकारी बिना किसी पूर्व सूचना के कभी भी आपके होमस्टे का औचक निरीक्षण कर सकते हैं।
- सख्त कार्रवाई: नियमों में कमी पाए जाने पर पहले नोटिस दिया जाएगा। यदि नियमों का लगातार उल्लंघन किया गया, तो रजिस्ट्रेशन को निलंबित, रद्द या संचालक को हमेशा के लिए ब्लैकलिस्ट किया जा सकता है।
क्यों पड़ी इस नई नीति की जरूरत?
दिल्ली में यूनेस्को की तीन विश्व धरोहरों समेत सैकड़ों ऐतिहासिक स्मारक, मशहूर बाजार और खाने-पीने के केंद्र हैं। यहाँ साल भर पर्यटकों का तांता लगा रहता है। आजकल वैश्विक स्तर पर लोग बड़े होटलों के बजाय स्थानीय संस्कृति को समझने के लिए घरों में रुकना (होमस्टे) पसंद करते हैं।
दिल्ली में बेड एंड ब्रेकफास्ट योजना सबसे पहले साल 2007 में शुरू की गई थी। लेकिन समय के साथ प्राइवेट ऑनलाइन बुकिंग प्लेटफॉर्म्स (जैसे AirBnB आदि) के आने और बदलते रुझानों के कारण पुराने नियम पीछे छूट गए थे। अब सरकार साल 2026 में नए नियमों के साथ इसे दोबारा बेहद सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से लॉन्च कर रही है।