दिल्ली के रोहिणी में बड़ा हादसा: निर्माणाधीन 5 मंजिला इमारत गिरी, एक की मौत, मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका
दिल्ली के रोहिणी इलाके में बुधवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। रोहिणी सेक्टर-16 के पॉकेट G-5 स्थित पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में एक र...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 08 Jul 2026 07:17:12 PM (IST)Updated Date: Wed, 08 Jul 2026 07:20:05 PM (IST)
रोहिणी सेक्टर-16 के पॉकेट G-5 स्थित निर्माणाधीन पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई।HighLights
- 5 से 10 लोगों के मलबे के नीचे फंसे होने की आशंका
- प्रशासन ने राहत एवं बचाव अभियान तेज कर दिया है
- मलबा हटाने का काम जारी, आसपास के मकान खाली कराए गए
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के रोहिणी इलाके में बुधवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। रोहिणी सेक्टर-16 के पॉकेट G-5 स्थित एमसीडी स्कूल के पीछे निर्माणाधीन पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में एक राहगीर की मौत हो गई, जबकि कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने राहत एवं बचाव अभियान तेज कर दिया है।
दमकल विभाग के अनुसार शाम करीब 4:20 बजे इमारत गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। दमकल की पांच गाड़ियों को राहत कार्य में लगाया गया है। मलबे को हटाने का काम लगातार जारी है और फंसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
5 से 10 लोगों के मलबे के नीचे फंसे होने की आशंका
प्राथमिक जानकारी के अनुसार मलबे से दो लोगों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल भेजा गया है। वहीं आशंका है कि अभी भी 5 से 10 लोग मलबे के नीचे फंसे हो सकते हैं। हालांकि प्रशासन ने अभी तक फंसे लोगों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
50 मीटर के दायरे में मकानों को खाली कराया गया
पुलिस का कहना है कि घटना के बाद पूरे इलाके को घेर लिया गया है और सुरक्षा के मद्देनजर इमारत के आसपास लगभग 50 मीटर के दायरे में स्थित मकानों को खाली करा दिया गया है। मौके पर भारी संख्या में स्थानीय लोग भी जुट गए, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा
स्थानीय लोगों का दावा है कि लगातार हो रही बारिश के कारण निर्माणाधीन भवन की संरचना कमजोर पड़ गई, जिसके चलते यह हादसा हुआ। हालांकि इमारत गिरने के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
फिलहाल पुलिस, दमकल विभाग और अन्य एजेंसियां संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं। प्रशासन ने लोगों से घटनास्थल से दूर रहने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।