अतिरिक्त समय और नए कमरे की मांग के बीच सरकारी आवास हो रहा खाली, राबड़ी देवी और लालू यादव अब रहेंगे तेजस्वी के संग, सामान पहुंचना शुरू
बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास 10 सर्कुलर रोड को खाली करने की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंचती दिख रही है। ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 18 Jun 2026 05:54:41 PM (IST)Updated Date: Thu, 18 Jun 2026 05:54:41 PM (IST)
HighLights
- 15 जून को खत्म हो चुकी है नोटिस की अवधि
- तेजस्वी यादव के आवास पहुंचाया जा रहा घरेलू सामान
- पहले भी कई जगहों पर भेजा जा चुका है सामान
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास 10 सर्कुलर रोड को खाली करने की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंचती दिख रही है। गुरुवार को आवास से फर्नीचर, एयर कंडीशनर (एसी) समेत अन्य घरेलू सामान को पिकअप वाहन के जरिए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के 1 पोलो रोड स्थित सरकारी आवास भेजा गया। लगातार हो रही शिफ्टिंग के बीच राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
15 जून को खत्म हो चुकी है नोटिस की अवधि
जानकारी के मुताबिक, राज्य सरकार ने 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली करने के लिए नोटिस जारी किया था, जिसकी समय-सीमा 15 जून को समाप्त हो चुकी है। इसके बावजूद आवास से सामान हटाने की प्रक्रिया लगातार जारी है। सूत्रों का कहना है कि राबड़ी देवी ने आवास खाली करने के लिए सरकार से कुछ अतिरिक्त समय भी मांगा है।
तेजस्वी यादव के आवास पहुंचाया जा रहा घरेलू सामान
गुरुवार को घर में उपयोग होने वाला फर्नीचर, एसी और अन्य आवश्यक सामान 1 पोलो रोड स्थित तेजस्वी यादव के सरकारी आवास भेजा गया। बताया जा रहा है कि परिवार के उपयोग से जुड़ी वस्तुओं को चरणबद्ध तरीके से स्थानांतरित किया जा रहा है, जबकि बाकी सामान को अलग-अलग स्थानों पर भेजा जा रहा है।
पहले भी कई जगहों पर भेजा जा चुका है सामान
सूत्रों के अनुसार, इससे पहले बड़ी मात्रा में घरेलू सामान गोला रोड स्थित गौशाला और कौटिल्य नगर स्थित निजी आवास में पहुंचाया जा चुका है। अब 10 सर्कुलर रोड में बची हुई वस्तुओं को भी धीरे-धीरे हटाया जा रहा है। हालांकि नए आवंटित सरकारी आवास में सामान भेजे जाने को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
अतिरिक्त समय और नए कमरे की मांग
बताया जा रहा है कि राबड़ी देवी ने सरकार को पत्र लिखकर आवास खाली करने के लिए अतिरिक्त समय देने का अनुरोध किया है। साथ ही राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव की जरूरतों को देखते हुए नए आवास में एक अतिरिक्त कमरे के निर्माण की मांग भी रखी गई है। इस संबंध में सरकार की ओर से अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।
आवास खाली करने की तैयारी अंतिम चरण में
पिछले कई दिनों से जारी शिफ्टिंग और लगातार बाहर भेजे जा रहे सामान को देखते हुए माना जा रहा है कि 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास जल्द ही खाली कर दिया जाएगा। राजनीतिक हलकों में इसे लालू परिवार के नए आवासीय व्यवस्थापन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।