
डिजिटल डेस्क: देश के कई हिस्सों में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने तेज असर दिखाना शुरू कर दिया है। राजधानी दिल्ली समेत मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार फिलहाल मौसम (Weather Udpate) शुष्क बना रहेगा और आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है।
-1772761032310_v.webp)
दिल्ली में पिछले दो दिनों से तापमान में तेज वृद्धि दर्ज की गई है। सुबह और शाम हल्की ठंडक देने वाला मौसम अचानक गर्म हो गया है। घरों और दफ्तरों में पंखे चलने लगे हैं और वाहनों में एसी का उपयोग भी शुरू हो गया है।
गुरुवार को साफ आसमान और तेज धूप के बीच अधिकतम तापमान सामान्य से 6.9 डिग्री अधिक 34.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 2011 से 2025 के बीच 10 मार्च से पहले कभी भी तापमान 34 डिग्री के पार नहीं गया था। केवल 2021 में आठ मार्च को तापमान 34 डिग्री दर्ज किया गया था।
वहीं गुरुवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री अधिक 18.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो 10 मार्च से पहले पिछले पांच वर्षों में सबसे अधिक है।
मध्य प्रदेश में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है। गुरुवार को नर्मदापुरम प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में धार, खंडवा, खरगोन और रतलाम में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। वहीं भोपाल, गुना, ग्वालियर, इंदौर और उज्जैन में भी तापमान 34 डिग्री से ऊपर पहुंच गया।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और आसपास के जिलों में भी तापमान बढ़ रहा है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले सप्ताह से अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है।
बिहार में पछुआ हवाओं के कारण मौसम फिलहाल शुष्क बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है।
हालांकि, 10 और 11 मार्च को सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात और आंधी-पानी की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।