
डिजिटल डेस्क, चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के अंतर्गत उपमंडल चुराह में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना घटी। बैरागढ़ से चंबा मार्ग पर यात्रा कर रही एक निजी यात्री बस नियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बस के ड्राइवर और कंडक्टर समेत सात लोगों की मौत हो गई है। वहीं, हादसे में घायल करीब 11 लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, 'शर्मा ट्रैवलर्स' की यह निजी बस शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे बैरागढ़ से चंबा के लिए रवाना हुई थी। यात्रा शुरू होने के लगभग 3 किलोमीटर बाद, देवीकोठी के समीप चालुज मोड़ पर चालक का वाहन पर से नियंत्रण छूट गया। बस सड़क से नीचे गिरते हुए उससे गुजर रही दूसरी सड़क पर जा पहुंची।
यह भी पढ़ें- बस-इनोवा की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर, महिला की मौत, सात घायल: अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हादसा
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय निवासी तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों की मशक्कत से बस के मलबे से घायलों को बाहर निकालकर तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए सिविल अस्पताल तीसा भेजा गया। फिलहाल मौके पर राहत एवं बचाव अभियान जारी है तथा दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाने का प्रयास किया जा रहा है।