
डिजिटल डेस्क। शादी का माहौल, चारों ओर खुशियां, फिर अचनाक मची चीख-पुकार... ठीक ऐसा की वाकया हुआ जमशेदपुर में, जब एक शख्स की महज एक रसगुल्ला खाने से जान चली गई। यह घटना जिले के एमजीएम थाना क्षेत्र के बेलाजुड़ी पंचायत स्थित मालियांता गांव की है। घटना शादी वाली रात करीब 1:00 बजे हुई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।
मृतक की पहचान 41 वर्षीय ललित सिंह के रूप में हुई है। चश्मदीदों के मुताबिक, ललित गांव में ही एक शादी समारोह के प्रीतिभोज में शामिल होने गए थे। रात्रि भोज के दौरान उन्होंने जैसे ही रसगुल्ला खाया, वह उनके गले में अटक गया। रसगुल्ला फंसते ही ललित को सांस लेने में भारी तकलीफ होने लगी और वे दम घुटने के कारण तड़पने लगे।
वहां मौजूद लोगों ने तुरंत गले से रसगुल्ला निकालने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। आनन-फानन में उन्हें टाटा मैन हॉस्पिटल (TMH) ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने उन्हें 'ब्रॉट डेड' घोषित कर दिया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
इस दुखद मौत की चिकित्सकीय वजह स्पष्ट करते हुए एमजीएम अस्पताल के डॉ. बलराम झा ने बताया कि यह घटना 'एपिग्लोटिस' (Epiglottis) की विफलता के कारण हुई।
क्या है एपिग्लोटिस? यह हमारे गले में एक छोटी सी ग्रंथि होती है जो 'ट्रैफिक पुलिस' की तरह काम करती है। खाना निगलते समय यह सांस की नली (Trachea) को ढक लेती है ताकि भोजन सिर्फ भोजन नली (Esophagus) में जाए।
कैसे हुई चूक? यदि खाना खाते समय व्यक्ति बोल रहा हो, हंस रहा हो या नशे की हालत में हो, तो एपिग्लोटिस सही समय पर बंद नहीं हो पाता। ऐसे में भोजन का अंश सांस की नली में फंस जाता है, जिसे 'एस्पिरेशन' (Aspiration) कहा जाता है। इससे ऑक्सीजन की आपूर्ति तुरंत रुक जाती है और मिनटों में मौत हो सकती है।
चिकित्सकों ने इस घटना को एक सबक के तौर पर देखने की सलाह दी है...
यह भी पढ़ें- जबलपुर का अनोखा गांव... 75 फीसदी घरों में LPG की जरूरत नहीं, अलग तरह से बनता है खाना