डिजिटल डेस्क, रांची। झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए हुए चुनाव में बड़ा उलटफेर देखने को मिला। क्रॉस-वोटिंग की चर्चाओं के बीच NDA समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नथवाणी ने जीत दर्ज की, जबकि दूसरी सीट पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के उम्मीदवार बैद्यनाथ राम निर्वाचित हुए।
समाचार एजेंसी PTI के अनुसार, चुनाव में हुई क्रॉस-वोटिंग ने नतीजों को दिलचस्प बना दिया। NDA समर्थित परिमल नथवाणी को 28 वोट मिले, जबकि विधानसभा में NDA के पास कुल 24 विधायक ही हैं।
कांग्रेस उम्मीदवार को केवल 20 वोट प्राप्त हुए
वहीं कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा को केवल 20 वोट प्राप्त हुए, जिसके बाद विपक्षी खेमे में क्रॉस-वोटिंग की अटकलें तेज हो गईं। सूत्रों के मुताबिक, JMM उम्मीदवार बैद्यनाथ राम को 30 वोट मिले। वहीं मतदान के दौरान तीन वोट अमान्य घोषित किए गए, जिनमें दो भाजपा और एक कांग्रेस विधायक का वोट शामिल बताया जा रहा है।
कांग्रेस ने लगाए पैसे के इस्तेमाल के आरोप
नतीजों के बाद कांग्रेस ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। पार्टी के झारखंड प्रभारी के. राजू ने आरोप लगाया कि निर्दलीय उम्मीदवार की ओर से चुनाव को प्रभावित करने के लिए धनबल का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा, कांग्रेस के सभी 16 वोट सुरक्षित रहे। JMM ने चार वोट दिए, जिससे कांग्रेस को कुल 20 वोट मिले। यह स्थिति इसलिए बनी क्योंकि निर्दलीय उम्मीदवार ने पैसे का इस्तेमाल किया।
क्या था चुनावी गणित?
81 सदस्यीय झारखंड विधानसभा में NDA के पास कुल 24 विधायक हैं, जिनमें भाजपा के 21 और LJP (रामविलास), AJSU तथा JD(U) के एक-एक विधायक शामिल हैं। राज्यसभा चुनाव जीतने के लिए पहली वरीयता के 28 वोटों की जरूरत थी। ऐसे में NDA समर्थित उम्मीदवार की जीत को लेकर पहले से ही संशय बना हुआ था।
वहीं INDIA गठबंधन के पास 56 विधायक हैं। इनमें JMM के 34, कांग्रेस के 16, RJD के चार और CPI(ML) लिबरेशन के दो विधायक शामिल हैं। संख्या बल के आधार पर गठबंधन दोनों सीटें जीतने का दावा कर रहा था।
चुनाव से पहले बढ़ी थी सियासी हलचल
मतदान से दो दिन पहले NDA ने अपने विधायकों को रांची के एक होटल में ठहराया था। इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में विधायकों की खरीद-फरोख्त और टूट-फूट की आशंकाओं पर चर्चा तेज हो गई थी। उस समय भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा था कि विधानसभा के सभी 81 विधायक स्वतंत्र रूप से अपनी पसंद के उम्मीदवार को वोट देंगे।
होटल से बस के जरिए विधानसभा पहुंचे
मतदान के दिन NDA के सभी विधायक एक साथ होटल से बस के जरिए विधानसभा पहुंचे और मतदान किया। दूसरी ओर, INDIA गठबंधन ने भी अंत तक अपनी एकजुटता का दावा किया। कांग्रेस विधायक सुरेश बैठा ने मतदान से पहले कहा था कि गठबंधन के सभी 56 विधायक एकजुट हैं और दोनों सीटों पर जीत हासिल करेंगे।
हालांकि अंतिम परिणामों ने स्पष्ट कर दिया कि मतदान के दौरान क्रॉस-वोटिंग हुई, जिसने राज्यसभा चुनाव का पूरा समीकरण बदल दिया।