
डिजिटल डेस्क: तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर पांच दिनों से जारी राजनीतिक असमंजस आखिरकार शनिवार को खत्म हो गया। द्रमुक की सहयोगी पार्टियों वीसीके और IUML ने TVK को बिना शर्त समर्थन देने का एलान कर दिया। इसके बाद टीवीके प्रमुख जोसेफ विजय ने 121 विधायकों के समर्थन पत्र के साथ चौथी बार राज्यपाल विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात की।
बहुमत के दावे से संतुष्ट होने के बाद राज्यपाल ने विजय को तमिलनाडु का नया मुख्यमंत्री (TN New CM) नियुक्त कर दिया। विजय रविवार सुबह 10 बजे चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इनडोर स्टेडियम में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। राज्यपाल ने विजय को 13 मई तक विधानसभा में बहुमत साबित करने के निर्देश दिए हैं।
234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में टीवीके 108 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी, लेकिन बहुमत के लिए उसे 10 अतिरिक्त विधायकों की जरूरत थी। सबसे पहले पांच विधायकों वाली कांग्रेस ने टीवीके को समर्थन देने की घोषणा की। इसके बाद भाकपा और माकपा ने भी अपने दो-दो विधायकों का समर्थन दिया।
इसके बावजूद टीवीके बहुमत के जादुई आंकड़े 118 से पीछे थी। कई दिनों तक सस्पेंस बनाए रखने के बाद तिरुमावलवन के नेतृत्व वाली वीसीके ने शनिवार को टीवीके को समर्थन देने का एलान किया। पार्टी ने कहा कि तमिलनाडु में राष्ट्रपति शासन की स्थिति रोकने और जनादेश का सम्मान करने के लिए यह फैसला लिया गया है।
10 AM Tomorrow 🙏🏻 #CMVijay #TamilNaduCM #TVKVijay pic.twitter.com/ULCbjtVY6i
— Actor Vijay Fan Page (@ActorVijayFP) May 9, 2026
वीसीके के समर्थन के तुरंत बाद आइयूएमएल ने भी टीवीके के पक्ष में समर्थन घोषित कर दिया। दोनों दलों के दो-दो विधायक हैं। इसके साथ ही टीवीके ने विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया।
VCK समेत द्रमुक के सहयोगी दलों ने स्पष्ट किया कि वे द्रमुक नीत गठबंधन का हिस्सा बने रहेंगे। इधर, विजय के पिता और फिल्म निर्माता एसए चंद्रशेखर ने बेटे के मुख्यमंत्री बनने पर खुशी जताई और उनसे तमिलवासियों के हित में काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि विजय के जरिए तमिल लोगों को सफलता मिली है।
सरकार गठन में देरी के बीच एक टीवीके कार्यकर्ता ने तिरुनेलवेली जिले में आत्मदाह का प्रयास किया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राजग सहयोगी एएमएमके ने टीवीके पर विधायकों की खरीद-फरोख्त के आरोप लगाए। एएमएमके प्रमुख टीटीवी दिनाकरन ने आरोप लगाया कि टीवीके ने उनकी पार्टी के विधायक एस कामराज के “जाली” समर्थन पत्र का इस्तेमाल किया।
टीवीके ने इन आरोपों को खारिज कर दिया। इस बीच टीवीके को समर्थन देने वाले कांग्रेस विधायक हैदराबाद भेजे गए हैं, जबकि अन्नाद्रमुक विधायक पहले से पुडुचेरी के एक रिसॉर्ट में ठहरे हुए हैं।
राजनीतिक घटनाक्रम के बीच वीसीके का एक्स हैंडल भी शुक्रवार को निलंबित कर दिया गया। एएनआई के अनुसार, एक्स ने “नियमों के उल्लंघन” का हवाला देते हुए कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि टीवीके को समर्थन देने संबंधी पोस्ट के बाद यह कदम उठाया गया।
विधानसभा की दलीय स्थिति तमिलनाडु में अंतत: 'विजय' की सरकार, आज सीएम पद की शपथ लेंगे टीवीके प्रमुख; 13 मई को फ्लोर टेस्ट
| पार्टी | सीटें |
|---|---|
| टीवीके | 108 |
| द्रमुक | 59 |
| अन्नाद्रमुक | 47 |
| कांग्रेस | 5 |
| पीएमके | 4 |
| आइयूएमएल | 2 |
| भाकपा | 2 |
| वीसीके | 2 |
| माकपा | 2 |
| भाजपा | 1 |
| डीएमडीके | 1 |
| एएमएमके | 1 |