NEET UG Re-Exam 2026: देशभर में संपन्न हुई नीट परीक्षा, कड़े पहरे में 22.79 लाख छात्रों ने दिया पेपर; समीक्षा के बाद जारी होगा रिजल्ट
री NEET UG 2026 परीक्षा शनिवार को देशभर में शांतिपूर्ण और कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच संपन्न हो गई। ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 21 Jun 2026 06:48:28 PM (IST)Updated Date: Sun, 21 Jun 2026 06:48:28 PM (IST)
देशभर में संपन्न हुई नीट परीक्षाHighLights
- देशभर के 564 शहरों में आयोजित हुई NEET UG 2026 परीक्षा
- 22.79 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा में लिया हिस्सा
- परीक्षा के बाद CCTV फुटेज की फोरेंसिक जांच कराएगा NTA
डिजिटल डेस्क। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की ओर से आयोजित री NEET UG 2026 परीक्षा शनिवार को देशभर में शांतिपूर्ण और कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच संपन्न हो गई। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की गई, जिसमें 22.79 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया।
विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई थी
एनटीए के अनुसार परीक्षा देशभर के 564 शहरों में स्थित करीब 5 हजार परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए केंद्र सरकार और एजेंसी की ओर से विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। इसके लिए 2 लाख से अधिक सुरक्षा कर्मियों और परीक्षा कर्मचारियों की तैनाती की गई थी।
NEET UG 2026 परीक्षा अंग्रेजी और हिंदी समेत 12 भारतीय भाषाओं में आयोजित की गई। परीक्षा समाप्त होने के साथ ही अब मूल्यांकन और सुरक्षा समीक्षा की प्रक्रिया शुरू होगी।
कैमरों की फोरेंसिक समीक्षा कराई जाएगी
एनटीए ने बताया कि परीक्षा की विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फोरेंसिक समीक्षा कराई जाएगी। इसके तहत रिकॉर्ड किए गए फुटेज का विश्लेषण किया जाएगा ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता या संदिग्ध गतिविधि की जांच की जा सके।
परिणाम जारी करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी
गौरतलब है कि पिछले वर्षों में परीक्षा से जुड़े विवादों के बाद इस बार सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सख्त बनाया गया था। एनटीए का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी लगातार की जा रही है और सभी आवश्यक जांच पूरी होने के बाद परिणाम जारी करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।