ओडिशा: पुरी में भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान भगदड़, दो श्रद्धालुओं की मौत, 150 से अधिक अस्पताल में भर्ती
भगवान जगन्नाथ की ऐतिहासिक रथ यात्रा के दौरान गुरुवार को पुरी में एक दर्दनाक हादसा हो गया।
Publish Date: Thu, 16 Jul 2026 07:22:20 PM (IST)Updated Date: Thu, 16 Jul 2026 07:23:18 PM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो।HighLights
- दो श्रद्धालु बेहोश होकर गिर पड़े
- मृतकों की पहचान नहीं हुई
- प्रशासन ने बढ़ाई सुरक्षा
डिजिटल डेस्क, पुरी। भगवान जगन्नाथ की ऐतिहासिक रथ यात्रा के दौरान गुरुवार को पुरी में एक दर्दनाक हादसा हो गया। मरिचिकोट चौक के पास अचानक बढ़ी भीड़ के कारण अफरा-तफरी मच गई, जिससे दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई। प्रशासन के अनुसार, अत्यधिक भीड़ और दम घुटने की स्थिति के चलते यह हादसा हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोपहर करीब दो बजे रथ यात्रा देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मरिचिकोट चौक के आसपास जमा हो गए थे। इसी दौरान भीड़ का दबाव बढ़ने से कुछ लोग संतुलन खो बैठे और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
दो श्रद्धालु बेहोश होकर गिर पड़े
घटना के दौरान दो श्रद्धालु बेहोश होकर गिर पड़े, जिन्हें तुरंत पुरी जिला मुख्य अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान नहीं हुई
अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पहचान सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
150 से अधिक श्रद्धालुओं का इलाज जारी
रथ यात्रा के दौरान भीषण गर्मी, भीड़ के दबाव और अन्य स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के कारण 150 से ज्यादा श्रद्धालुओं को पुरी जिला मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें कई लोगों को सांस लेने में तकलीफ, चक्कर आने और थकावट की शिकायत हुई।
प्रशासन ने बढ़ाई सुरक्षा
हादसे के बाद प्रशासन ने मरिचिकोट चौक और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग बढ़ाई गई है।
प्रशासन की अपील सतर्क रहें
- धैर्य बनाए रखें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
- अत्यधिक भीड़ वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से न रुकें।
- बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।
- स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तुरंत निकटतम चिकित्सा केंद्र से संपर्क करें।