अंडमान में पवन हंस का हेलीकॉप्टर क्रैश, सात सवार लोगों को बचाया गया
Pawan Hans helicopter crash: झारखंड में एयर एम्बुलेंस विमान हादसे के एक दिन बाद अब अंडमान और निकोबार द्वीप समूह से हेलीकॉप्टर दुर्घटना की खबर सामने आई ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 24 Feb 2026 01:20:47 PM (IST)Updated Date: Tue, 24 Feb 2026 01:22:14 PM (IST)
अंडमान में पवन हंस का हेलीकॉप्टर क्रैश, सात सवार लोगों को बचाया गयाHighLights
- सुबह 9:30 बजे हुआ हादसा
- मायाबंदर क्षेत्र के पास हुआ
- 45 मिनट बाद समुद्र में क्रैश
डिजिटल डेस्क। झारखंड में एयर एम्बुलेंस विमान हादसे के एक दिन बाद अब अंडमान और निकोबार द्वीप समूह से हेलीकॉप्टर दुर्घटना की खबर सामने आई है। मायाबंदर के पास समुद्र में एक पवन हंस हेलीकॉप्टर की क्रैश-लैंडिंग हो गई। हेलीकॉप्टर में कुल सात लोग सवार थे। राहत की बात यह है कि सभी को सुरक्षित बचा लिया गया है।
सुबह 9:30 बजे हुआ हादसा
यह घटना मंगलवार, 24 फरवरी की सुबह करीब 9:30 बजे हुई। पवन हंस के प्रवक्ता के अनुसार, हेलीकॉप्टर ने पोर्ट ब्लेयर से दो क्रू मेंबर और पांच यात्रियों के साथ उड़ान भरी थी। उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी आने की आशंका है, जिसके बाद पायलट ने समुद्र में क्रैश-लैंडिंग की।
मायाबंदर क्षेत्र के पास यह हादसा हुआ
अधिकारियों ने बताया कि नॉर्थ और मिडिल अंडमान जिले के मायाबंदर क्षेत्र के पास यह हादसा हुआ। समुद्र से सभी सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। एहतियात के तौर पर सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
लगभग 45 मिनट बाद समुद्र में क्रैश हो गया
सीनियर सिविल एविएशन अधिकारी के मुताबिक, हेलीकॉप्टर ने सुबह करीब 8:45 बजे श्री विजयपुरम से उड़ान भरी थी और लगभग 45 मिनट बाद समुद्र में क्रैश हो गया। प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी की बात सामने आई है। मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
झारखंड एयर एम्बुलेंस विमान हादसा: सात लोगों की मौत
इससे एक दिन पहले सोमवार शाम झारखंड के चतरा जिले के घने जंगलों में एक मेडिकल एयर एम्बुलेंस विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस विमान में सात लोग सवार थे और हादसे में सभी की मौत हो गई।
विमान ने शाम करीब 7:11 बजे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। उड़ान के 20 से 25 मिनट बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल से उसका संपर्क टूट गया। बाद में विमान का मलबा सिमरिया के पास कसारिया/बरियातू पंचायत क्षेत्र के जंगलों में मिला।