
डिजिटल डेस्क, नईदुनिया। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध से उत्पन्न ईंधन संकट का असर भारत में भी लगातार दिखाई दे रहा है। पांचवें दिन एक बार फिर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी (Petrol Diesel Prices Rise) की गई है। नए आदेश के अनुसार पेट्रोल की कीमत में 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि हुई है।
नई दरें मंगलवार से लागू हो गई हैं। इसके बाद दिल्ली में पेट्रोल 98.64 रुपये प्रति लीटर और डीजल 91.58 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है। तेल कंपनियों ने सोमवार देर रात पेट्रोल पंप संचालकों को नई कीमतों की जानकारी भेजी।
इससे पहले शुक्रवार को भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तीन-तीन रुपये से अधिक की वृद्धि की गई थी। उस समय पेट्रोल 3.14 रुपये प्रति लीटर महंगा होकर 97.77 रुपये पहुंच गया था। वहीं डीजल की कीमत 3.11 रुपये बढ़ने के बाद 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गई थी।
| शहर | पेट्रोल कीमत (रुपये/लीटर) | बढ़ोतरी |
|---|---|---|
| दिल्ली | 98.64 | +0.87 |
| कोलकाता | 109.70 | +0.96 |
| मुंबई | 107.59 | +0.91 |
| चेन्नई | 104.49 | +0.82 |
| शहर | डीजल कीमत (रुपये/लीटर) | बढ़ोतरी |
|---|---|---|
| दिल्ली | 91.58 | +0.91 |
| कोलकाता | 96.07 | +0.94 |
| मुंबई | 94.08 | +0.94 |
| चेन्नई | 96.11 | +0.86 |
लगातार दूसरी बार हुई इस बढ़ोतरी ने आम लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के कारण आने वाले दिनों में भी ईंधन महंगा हो सकता है।
ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर परिवहन लागत पर पड़ता है। ऐसे में माल ढुलाई महंगी होने से खाने-पीने की वस्तुओं समेत रोजमर्रा के उपयोग की चीजों के दाम बढ़ने की आशंका है।
Diesel prices increased by 91 paise per litre and petrol by 87 paise per litre. Diesel in Delhi hiked to Rs 91.58 per litre, and Petrol hiked to Rs 98.64 per litre
RSP (Retail Selling Price) of four Metro cities for 19.05.26 are as follows:
MS (petrol) prices
Delhi…
— ANI (@ANI) May 19, 2026
इंडियन ऑयल, एचपीसीएल और बीपीसीएल जैसी तेल कंपनियों के अनुसार उत्पादन लागत और बिक्री मूल्य के बीच अब भी बड़ा अंतर बना हुआ है। ऐसे में आगे भी कीमतों में बदलाव संभव माना जा रहा है।
अंधेरी के लोखंडवाला कॉम्प्लेक्स की लेन 3 में दूध-ब्रेड का स्टॉल चलाने वाले राजू फुटाने ने कहा, "मॉडर्न की 400 ग्राम वाली सैंडविच ब्रेड की कीमत 40 रुपये से बढ़कर 45 रुपये हो गई है, होल व्हीट ब्रेड 55 रुपये से बढ़कर 60 रुपये और मल्टीग्रेन ब्रेड 60 रुपये से बढ़कर 65 रुपये हो गई है। छोटी ब्राउन ब्रेड 28 रुपये की थी, जो अब 30 रुपये की हो गई है। सफेद ब्रेड 20 रुपये की थी वह अब 22 रुपये की हो गई है।"
दिल्ली-एनसीआर में इस मूल्यवृद्धि का सबसे ज्यादा असर दैनिक यात्रा करने वाले लोगों, ट्रांसपोर्टरों और छोटे कारोबारियों पर पड़ने की संभावना है। बढ़ती ईंधन कीमतों से आम आदमी के मासिक बजट पर अतिरिक्त बोझ बढ़ेगा।