
डिजिटल डेस्क: बिहार में होली से पहले राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। राज्यसभा चुनाव की रणनीतियों और समीकरणों के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार के सक्रिय राजनीति में आने की चर्चा जोर पकड़ रही है। जनता दल (यूनाइटेड) के नेताओं के हालिया बयानों ने इस अटकल को और बल दिया है।
बिहार सरकार में मंत्री और जदयू नेता श्रवण कुमार ने समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में कहा कि निशांत कुमार जल्द ही एक्टिव पॉलिटिक्स में कदम रखेंगे। उन्होंने कहा, “होली के मौके पर मैं यह बताना चाहता हूं कि निशांत कुमार के नाम पर पूरे राज्य में लंबे समय से चर्चा हो रही है। वह जल्द ही एक्टिव पॉलिटिक्स में आएंगे।”
श्रवण कुमार के अनुसार, यह कदम कई युवाओं की पुरानी इच्छा को पूरा करेगा, जो लगातार उनसे राजनीति में आने की मांग कर रहे थे। उन्होंने निशांत कुमार के राजनीतिक सफर के लिए शुभकामनाएं भी दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
श्रवण कुमार के बयान के बाद जदयू के अन्य नेताओं की प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। पार्टी के भीतर इस संभावित एंट्री को लेकर सकारात्मक माहौल देखा जा रहा है।
जदयू नेता और बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि पार्टी लंबे समय से चाहती थी कि निशांत कुमार किसी भी भूमिका में सक्रिय राजनीति में आएं। उन्होंने कहा, “वे पढ़े-लिखे हैं, इंजीनियर हैं और नीतीश कुमार की सच्ची फोटोकॉपी हैं। वह कार्यकर्ताओं की मांग पर सक्रिय राजनीति में आ रहे हैं।”
अशोक चौधरी ने यह भी कहा कि चुनाव से पहले ही कार्यकर्ताओं और समर्थकों की ओर से ऐसी मांग उठ रही थी। उन्होंने इसे पार्टी के लिए होली का बड़ा तोहफा बताया।
निशांत कुमार की संभावित राजनीतिक एंट्री की चर्चा के बीच जदयू नेता और मंत्री विजय कुमार चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि निशांत कुमार अब परिपक्व हो चुके हैं और पूरी पार्टी चाहती है कि वे सक्रिय राजनीति में आएं।
विजय कुमार चौधरी ने स्पष्ट किया कि यदि निशांत कुमार राजनीति में कदम रखते हैं, तो पार्टी उनका स्वागत करेगी। हालांकि, राज्यसभा भेजे जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह निर्णय पूरी तरह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हाथ में है। उन्होंने कहा कि राज्यसभा में निशांत कुमार जाएंगे या कोई अन्य नेता, इसका अंतिम फैसला मुख्यमंत्री ही करेंगे।
विजय कुमार चौधरी ने राज्यसभा चुनाव को लेकर यह भी दावा किया कि राज्यसभा की सभी पांच सीटों पर एनडीए की जीत होगी। इस बयान से साफ है कि जदयू और उसके सहयोगी दल चुनाव को लेकर आत्मविश्वास से भरे हुए हैं।
बिहार की राजनीति में निशांत कुमार की संभावित एंट्री को लेकर चर्चाएं तेज हैं। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि वे कब और किस भूमिका में सक्रिय राजनीति में कदम रखते हैं।