बिहार में बदलाव तक आश्रम में रहेंगे प्रशांत किशोर, बोले- सरकार बदली लेकिन बिहार की हालत नहीं
प्रशांत किशोर ने बिहार में सामाजिक और राजनीतिक बदलाव को लेकर बड़ा ऐलान किया है। ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 21 May 2026 02:48:41 PM (IST)Updated Date: Thu, 21 May 2026 02:51:00 PM (IST)
बिहार में बदलाव तक आश्रम में रहेंगे प्रशांत किशोर।HighLights
- दरभंगा में जन सुराज की बैठक में किया ऐलान
- रोजगार के वादे पर सरकार को घेरा
- NEET पेपर लीक मामले पर भी उठाए सवाल
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रशांत किशोर ने बिहार में सामाजिक और राजनीतिक बदलाव को लेकर बड़ा ऐलान किया है। जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने कहा है कि जब तक बिहार में वास्तविक परिवर्तन नहीं होता, तब तक वे पटना के बिहटा स्थित जन सुराज नव निर्माण आश्रम में रहकर आंदोलन और संगठन के कार्यक्रमों का संचालन करेंगे।
दरभंगा में जन सुराज की बैठक में किया ऐलान
बुधवार को दरभंगा के लहेरियासराय स्थित प्रेक्षागृह में जन सुराज की ओर से “बिहार नवनिर्माण अभियान” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रशांत किशोर ने कार्यकर्ताओं और विभिन्न इकाइयों के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए अपने नए संकल्प की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अब उन्होंने अपना घर छोड़ दिया है और वे स्थायी रूप से बिहटा स्थित आश्रम में रहेंगे। उनका कहना था कि बिहार में व्यवस्था परिवर्तन और सामाजिक सुधार की लड़ाई अब और तेज की जाएगी।
बोले-सरकार बदली, लेकिन बिहार की हालत नहीं
बैठक के दौरान प्रशांत किशोर ने राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार में सत्ता और चेहरे बदलते रहे, लेकिन आम जनता की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव 2025 में जिस नेता को मुख्यमंत्री के चेहरे के तौर पर पेश किया गया था, वे अब खुद राजनीतिक रूप से पीछे हट चुके हैं। इसके बावजूद बेरोजगारी, पलायन और शिक्षा व्यवस्था जैसे मुद्दों पर कोई ठोस सुधार नहीं दिख रहा।
रोजगार के वादे पर सरकार को घेरा
प्रशांत किशोर ने कहा कि चुनाव के दौरान राज्य के युवाओं को एक करोड़ रोजगार देने का वादा किया गया था, लेकिन सरकार बनने के छह महीने बाद भी जमीनी स्तर पर कोई बड़ा बदलाव दिखाई नहीं दे रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार के नौजवानों को रोजगार देने के बजाय मजदूरी के लिए दूसरे राज्यों में पलायन करने को मजबूर किया जा रहा है।
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सत्ता में बैठे कुछ लोग केवल अपने परिवार को राजनीति में आगे बढ़ाने में लगे हैं।जन सुराज प्रमुख ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता बिहार नहीं, बल्कि गुजरात के उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाना है।
NEET पेपर लीक मामले पर भी उठाए सवाल
नीट पेपर लीक (NEET Paper Leak Case) का जिक्र करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार में पेपर लीक अब सामान्य घटना बन चुकी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “खबर तब बनती जब पेपर लीक नहीं होता।” उन्होंने आरोप लगाया कि जब व्यवस्था गलत लोगों के हाथ में होगी, तब भ्रष्टाचार और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाना मुश्किल होगा।