
डिजिटल डेस्क: देश के कई हिस्सों में मौसम (Weather Update Today) का मिजाज तेजी से बदल रहा है। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में गुरुवार रात तेज आंधी और धूलभरी हवाओं के बाद शुक्रवार को बारिश (IMD Rain Alert) की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान समेत 10 राज्यों में तेज बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। हालांकि कई राज्यों में गर्मी और लू (Heavwave) का असर भी जारी रहेगा।
दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार रात तेज आंधी (Aaj Ka Mausam) देखने को मिली। नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली के कई इलाकों में तेज हवाएं चलीं। मौसम विभाग के अनुसार 15 मई को हल्की बारिश और आंधी-तूफान की संभावना बनी हुई है। लोगों को गर्मी से पूरी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
मौसम विभाग ने बताया कि 15 और 16 मई को दिल्ली का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। दिन में तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। शाम के समय हल्के बादल छाए रहने से थोड़ी राहत मिल सकती है। वहीं 17 मई से एक बार फिर गर्मी बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग ने देश के 10 राज्यों के लिए भारी बारिश और आंधी-तूफान को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार कई इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। राजस्थान में पहले ही बारिश का रेड अलर्ट जारी किया जा चुका है।

पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान में 15 मई को बारिश की संभावना है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी 15 और 16 मई को मौसम खराब रह सकता है। इन राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की आशंका जताई गई है।
मध्य प्रदेश में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा। कुछ जिलों में लू चलेगी तो कुछ हिस्सों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। छतरपुर के खजुराहो में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है।
वहीं पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने पश्चिमी मध्य प्रदेश के बड़े हिस्से को हीट जोन घोषित करते हुए अगले 24 घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
छत्तीसगढ़ में भी मौसम का दोहरा असर दिखाई देगा। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, नारायणपुर, कांकेर, धमतरी, राजनांदगांव, गरियाबंद, बलौदाबाजार, जांजगीर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली और सूरजपुर में मौसम बिगड़ने के आसार हैं।
इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और बिजली के खंभों या पेड़ों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी है।
प्रदेश में अगले पांच दिनों के दौरान तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं 17 मई से मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में लू चलने की संभावना भी जताई गई है।
उत्तर प्रदेश में मौसम का दोहरा असर देखने को मिलेगा। कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि कई जिलों में भीषण गर्मी और लू लोगों को परेशान करेगी। मौसम विभाग के अनुसार 15 और 16 मई को लखनऊ, प्रयागराज, कानपुर और वाराणसी समेत कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच सकता है।
वेस्टर्न यूपी के कई इलाकों में लू चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। एक दिन पहले आए भीषण आंधी-तूफान और बारिश के कारण 100 से अधिक लोगों की जान चली गई थी।
पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार मणिपुर, नगालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा में 17 मई तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं असम और मेघालय में 18 मई तक मौसम खराब बना रह सकता है। इन राज्यों में लगातार हो रही बारिश के चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव क्षेत्र बनने के कारण दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने तमिलनाडु के कोयंबटूर और नीलगिरि जिलों में 15 मई को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। केरल में 15 से 17 मई तक बारिश होने की संभावना है। वहीं कर्नाटक, पुडुचेरी और कराईकल में भी 18 मई तक बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा।
बिहार में भी गर्मी लोगों को परेशान करेगी। पटना और गया समेत कई शहरों में तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। शाम के समय कुछ इलाकों में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में धूलभरी आंधी चलने की चेतावनी जारी की है। लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।