राज्यसभा की 24 सीटों पर 18 जून को होगी वोटिंग, इन हाई प्रोफाइल नेताओं का कार्यकाल हो रहा समाप्त
चुनाव आयोग ने राज्यसभा की 24 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव की घोषणा कर दी है। 18 जून को मतदान होगा, जबकि नामांकन प्रक्रिया एक जून से शुरू होगी। ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 22 May 2026 10:25:35 AM (IST)Updated Date: Fri, 22 May 2026 11:18:53 AM (IST)
10 राज्यों की सीटों पर 18 जून को मतदान कराया जाएगा। (फाइल फोटो)HighLights
- राज्यसभा की 24 सीटों पर चुनाव कार्यक्रम घोषित किया गया।
- चुनाव प्रक्रिया एक जून से शुरू होकर 20 जून समाप्त होगी।
- उम्मीदवार 8 जून तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे।
डिजिटल डेस्क। चुनाव आयोग ने राज्यसभा की 24 खाली हो रही सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार 10 राज्यों की सीटों पर 18 जून को मतदान कराया जाएगा।
इन सीटों पर कई बड़े नेताओं का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, जिनमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह, केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और जॉर्ज कुरियन शामिल हैं। चुनावी प्रक्रिया एक जून से शुरू होगी और 20 जून तक पूरी कर ली जाएगी।
नामांकन से मतगणना तक पूरा कार्यक्रम
- चुनाव आयोग के अनुसार एक जून को अधिसूचना जारी की जाएगी। उम्मीदवार 8 जून तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे, जबकि 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी।
- 11 जून तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। जरूरत पड़ने पर 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसी दिन मतगणना भी होगी। आयोग ने कहा है कि पूरी चुनाव प्रक्रिया 20 जून तक संपन्न कर ली जाएगी।
खरगे की वापसी लगभग तय
कर्नाटक विधानसभा में मजबूत संख्या बल के चलते कांग्रेस को तीन सीटें मिलने की संभावना है। ऐसे में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की राज्यसभा में वापसी लगभग तय मानी जा रही है। पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के भी दोबारा सदन पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
मध्य प्रदेश और राजस्थान में दिलचस्प मुकाबला
- मध्य प्रदेश में तीन सीटों पर चुनाव होना है, जहां भाजपा को दो और कांग्रेस को एक सीट मिलने की संभावना है। हालांकि कांग्रेस के पास सीमित अतिरिक्त वोट हैं। दिग्विजय सिंह ने खुद दोबारा राज्यसभा जाने से इनकार किया है, लेकिन पार्टी किसी वरिष्ठ चेहरे पर दांव लगा सकती है। भाजपा की ओर से केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कूरियन का नाम चर्चा में है।
राजस्थान में भाजपा दो और कांग्रेस एक सीट जीत सकती है। भाजपा की ओर से रवनीत सिंह बिट्टू का नाम प्रमुख माना जा रहा है, जबकि कांग्रेस में अशोक गहलोत और पवन खेड़ा के नामों की चर्चा है। गुजरात में कांग्रेस के लिए बड़ा झटका
गुजरात में कांग्रेस की स्थिति बेहद कमजोर दिखाई दे रही है। राज्यसभा की सीट जीतने के लिए जरूरी संख्या कांग्रेस के पास नहीं है। ऐसे में पहली बार गुजरात से कांग्रेस का कोई भी राज्यसभा सदस्य नहीं रहेगा। वर्तमान सांसद शक्तिसिंह गोहिल का कार्यकाल भी समाप्त हो रहा है।
एनडीए की स्थिति मजबूत
राज्यसभा चुनाव के बाद भी भाजपा और एनडीए की स्थिति मजबूत बनी रहने की संभावना है। भाजपा के फिलहाल 113 सांसद हैं, जबकि एनडीए के कुल 148 सदस्य हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि चुनाव के बाद आंकड़ों में बहुत बड़ा बदलाव नहीं होगा।