
डिजिटल डेस्क, नईदुनिया। मौसम विभाग ने चेतावनी (Weather Update) जारी करते हुए कहा है कि इस सप्ताह उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में भीषण लू की स्थिति बनी रह सकती है। IMD के अनुसार 24 मई तक उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर में पहले से ही तेज गर्मी का असर देखने को मिल रहा है और आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है। अनुमान है कि अगले एक सप्ताह तक दिल्ली में अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। वहीं अगले तीन दिनों में तापमान 45 डिग्री तक पहुंचने की आशंका जताई गई है।
सोमवार को उत्तर प्रदेश का बांदा देश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद मध्य प्रदेश का खजुराहो और प्रयागराज संयुक्त रूप से दूसरे सबसे गर्म शहर रहे, जहां अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इधर, इंदौर में भी गर्मी ने पिछले 10 वर्षों का रिकॉर्ड लगभग छू लिया। सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक था। इससे पहले वर्ष 2016 और 2024 में यहां तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है।
भोपाल मौसम केंद्र के रिकॉर्ड के अनुसार इंदौर में 31 मई 1994 को सर्वाधिक तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। अब शहर में दिन के साथ रातें भी गर्म बनी हुई हैं। बादल छाने के कारण न्यूनतम तापमान बढ़कर 29 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से चार डिग्री ज्यादा रहा।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार राजस्थान से आने वाली उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण मध्य प्रदेश का लगभग 80 प्रतिशत हिस्सा सामान्य से अधिक गर्म हो रहा है। इंदौर सहित प्रदेशभर में अगले तीन दिनों तक तापमान ऊंचा बना रहने की संभावना है।
सोमवार को इंदौर समेत मध्य प्रदेश के 12 जिलों में लू जैसी स्थिति दर्ज की गई। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में तापमान नए रिकॉर्ड बना सकता है।
दिल्ली के लिए अगले दो दिनों तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं छत्तीसगढ़ में 21 मई तक तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी राजस्थान और पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में 24 मई तक लू चलने की संभावना जताई गई है। पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में मंगलवार से 24 मई के बीच भीषण लू का असर रह सकता है।
इसके अलावा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भी अलग-अलग दिनों में लू चलने की संभावना है। बिहार, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में भी गर्म हवाओं का असर बना रह सकता है।
मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के 26 मई के आसपास केरल पहुंचने की संभावना है। विभाग के अनुसार मानसून तय तारीख से चार दिन पहले या बाद में भी दस्तक दे सकता है।
अगले पांच दिनों के दौरान केरल और माहे के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है