
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के चर्चित राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला को लेकर सोशल मीडिया पर नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। अटकलें लगाई जा रही हैं कि उन्होंने पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, अब तक इस संबंध में BJP या शहजाद पूनावाला की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
गुरुवार को शहजाद पूनावाला ने अपने X प्रोफाइल का स्क्रीनशॉट साझा किया। इसमें उनके बायो से 'नेशनल स्पोक्सपर्सन, बीजेपी' का उल्लेख हटा दिया गया है। नए बायो में उन्होंने लिखा है, "धर्म: इस्लाम, संस्कृति: हिंदू, विचारधारा: भारतीय। लेखक: GST की यात्रा। पीएम नरेंद्र मोदी के आजीवन अनुयायी।"
हालांकि, उनके इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर अभी भी उन्हें BJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता के रूप में दर्शाया गया है। इससे पहले X पर भी यही जानकारी मौजूद थी। इसके अलावा उन्होंने अपने पुराने इंटरव्यू के कुछ क्लिप भी रीपोस्ट किए हैं, जिनमें वे सक्रिय राजनीति छोड़ने पर विचार करने की बात करते दिखाई देते हैं। हालांकि, उन्होंने यह नहीं कहा है कि उन्होंने BJP या सक्रिय राजनीति छोड़ दी है।
शहजाद पूनावाला पेशे से वकील और एक्टिविस्ट हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत कांग्रेस से की थी। दिसंबर 2017 में कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव को धांधली और दिखावा बताते हुए उन्होंने पार्टी छोड़ दी थी, जिसके बाद वे BJP में शामिल हो गए। वर्ष 2021 में उन्हें दिल्ली BJP के सोशल मीडिया विंग का इंचार्ज बनाया गया था। वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और BJP के मुखर समर्थक रहे हैं तथा टीवी डिबेट में कांग्रेस और राहुल गांधी पर लगातार आक्रामक रुख अपनाते रहे हैं।
फिलहाल BJP या शहजाद पूनावाला की ओर से इस्तीफे को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। ऐसे में X बायो में बदलाव के बाद उठी चर्चाओं को अभी केवल अटकलों के रूप में ही देखा जा रहा है।