
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली: कांग्रेस नेता वी.डी. सतीशन (V. D. Satheesan) ने सोमवार 18 मई 2026 को तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में केरलम के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही राज्य में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) सरकार ने आधिकारिक रूप से कार्यभार संभाल लिया।
मुख्यमंत्री सतीशन के साथ यूडीएफ सरकार के मंत्रिमंडल ने भी शपथ ग्रहण किया। मंत्रिमंडल में कांग्रेस के 11, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) के पांच और अन्य सहयोगी दलों के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है।
कांग्रेस कोटे से रमेश चेन्निथला, सन्नी जोसेफ, के. मुरलीधरन, ए.पी. अनिल कुमार, पी.सी. विष्णुनाथ, टी. सिद्दीकी, बिंदु कृष्णा, के.ए. तुलसी, रोजी एम. जॉन, एम. लिजू और ओ.जे. जनीश ने मंत्री पद की शपथ ली।
आईयूएमएल की ओर से पी.के. कुन्हालीकुट्टी, एन. शमसुद्दीन, के.एम. शाजी, पी.के. बशीर और वी.ई. अब्दुल गफूर मंत्रिमंडल में शामिल हुए। वहीं अन्य सहयोगी दलों में केरल कांग्रेस (जोसेफ) के मॉन्स जोसेफ, रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी के शिबू बेबी जॉन, केरल कांग्रेस (जैकब) के अनूप जैकब और कम्युनिस्ट मार्क्सवादी पार्टी के सी.पी. जॉन ने भी मंत्री पद की शपथ ली।
शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge), लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और वायनाड सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
#WATCH | Thiruvananthapuram: Lok Sabha LoP Rahul Gandhi, Congress MP Priyanka Gandhi Vadra had a light-hearted interaction with a child during the swearing-in ceremony of the Keralam government
(Source: PRD) pic.twitter.com/ySi3PoA5FW
— ANI (@ANI) May 18, 2026
कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) ने 2026 केरलम विधानसभा चुनाव में स्पष्ट जनादेश हासिल किया। गठबंधन को 46.55 प्रतिशत वोट मिले, जो 2021 के मुकाबले 7.67 प्रतिशत अधिक है।
इस बढ़त का असर सीटों पर भी दिखाई दिया और यूडीएफ ने 102 सीटें जीतकर दस वर्षों बाद सत्ता में वापसी की। इससे पहले वर्ष 2001 में यूडीएफ को 49.05 प्रतिशत वोट प्राप्त हुए थे।