लाइट-कैमरा...अब CM के रूप में एक्शनः 'थलापति' विजय होंगे तमिलनाडु के नए सीएम, कल लेंगे शपथ
तमिलगा वेट्री कजगम (TVK) प्रमुख थलापति विजय तमिलनाडु के अगले मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। राज्यपाल ने उन्हें सरकार बनाने के लिए आमंत्रित कर दिया है। ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 08 May 2026 08:25:09 PM (IST)Updated Date: Fri, 08 May 2026 08:36:41 PM (IST)
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बनेंगे विजय, राज्यपाल ने दिया सरकार बनाने का न्योता।HighLights
- राज्यपाल ने दिया सरकार बनाने का न्योता
- तमिलगा वेट्री कजगम को मिला कई दलों का समर्थन
- सुप्रीम कोर्ट में याचिका की खबरों का खंडन
डिजिटल डेस्क, नईदिल्ली। तमिलगा वेट्री कजगम (TVK) प्रमुख 'थलापति' विजय तमिलनाडु के अगले मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। राज्यपाल ने उन्हें सरकार बनाने के लिए आमंत्रित कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, विजय शनिवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
राज्यपाल से मिलने लोक भवन पहुंचे विजय
शुक्रवार को TVK प्रमुख विजय चेन्नई स्थित लोक भवन पहुंचे, जहां उन्होंने राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। मुलाकात के बाद विजय लोक भवन से रवाना हो गए। इसी बीच, चेन्नई में विजय के आवास और TVK मुख्यालय के बाहर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। समर्थकों ने पटाखे फोड़े और विजय के समर्थन में नारे लगाए।
TVK को मिला कई दलों का समर्थन
तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर TVK को विपक्षी दलों का समर्थन मिलता दिख रहा है। कांग्रेस पहले ही विजय को समर्थन देने का एलान कर चुकी है। वहीं शुक्रवार को CPI और CPI(M) ने भी TVK सरकार को बिना शर्त बाहर से समर्थन देने की घोषणा की।
वामपंथी दलों ने बैठकों में फैसला लिया
CPI(M) नेता यू. वासुकी ने कहा कि दोनों वामपंथी दलों ने अपनी राज्य समिति की बैठकों में फैसला लिया है कि वे विधानसभा में विश्वास प्रस्ताव के दौरान TVK के पक्ष में मतदान करेंगे। हालांकि उन्होंने साफ किया कि उनकी पार्टियां सरकार में शामिल नहीं होंगी और केवल बाहर से समर्थन देंगी।
उन्होंने कहा कि धर्मनिरपेक्षता, राज्यों के अधिकार और लोगों की एकता जैसे मुद्दों पर वामपंथी दल उसी राजनीतिक ताकत के साथ खड़े होंगे जो इन मूल्यों का समर्थन करेगी।
बहुमत के करीब पहुंची TVK
विधानसभा आंकड़ों पर नजर डालें तो TVK के पास 108 विधायक हैं। कांग्रेस के 5 विधायकों के समर्थन से यह संख्या 113 तक पहुंच गई है। वहीं CPI, CPI(M) और VCK के दो-दो विधायकों के समर्थन से यह आंकड़ा 119 तक पहुंचता दिखाई दे रहा है, जिससे विजय की सरकार का रास्ता लगभग साफ माना जा रहा है।
सुप्रीम कोर्ट में याचिका की खबरों का खंडन
इस बीच, न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, TVK के करीबी सूत्रों ने उन खबरों का खंडन किया है जिनमें दावा किया गया था कि पार्टी ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर राज्यपाल को विजय को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करने का निर्देश देने की मांग की थी। सूत्रों ने स्पष्ट किया कि पार्टी की ओर से ऐसी कोई याचिका दाखिल नहीं की गई है।