
डिजिटल डेस्क। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों के लिए बड़ा मौसम अलर्ट जारी किया है। आने वाले दिनों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है।
पश्चिमी विक्षोभ और सक्रिय चक्रवाती सिस्टम के कारण मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल रहा है। इसका असर पूर्वी, उत्तर-पूर्वी, मध्य और कुछ दक्षिणी राज्यों में साफ तौर पर दिखाई देगा।
मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में व्यापक बारिश होने की संभावना है। इसके साथ तेज हवाएं और गरज-चमक भी हो सकती है। असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में 24 मार्च के आसपास कुछ स्थानों पर भारी बारिश की आशंका है। अगले 5 दिनों तक थंडरस्टॉर्म और बिजली गिरने का खतरा बना रह सकता है।
.jpg)
21 से 24 मार्च के बीच पश्चिम बंगाल और सिक्किम में व्यापक बारिश की संभावना है। 21 मार्च को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
गंगीय पश्चिम बंगाल में हवा की रफ्तार 80 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि ओडिशा में 70 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने और ओलावृष्टि की संभावना है।
बिहार में 21 मार्च को भारी बारिश हो सकती है। झारखंड, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। ओडिशा और पश्चिम बंगाल में 50–60 किमी/घंटा (कभी-कभी 70 किमी/घंटा) की रफ्तार से थंडरस्क्वॉल और ओलावृष्टि की आशंका है।
आईएमडी ने मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां 60–70 किमी/घंटा की तेज हवाएं, गरज-चमक और ओलावृष्टि का खतरा है। विदर्भ में 24 मार्च को कुछ स्थानों पर 40–60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ बारिश हो सकती है।
दक्षिणी राज्यों और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। केरल, तटीय कर्नाटक और गोवा में गर्म और उमस भरा मौसम बना रहेगा, जबकि तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, रायलसीमा और उत्तर आंतरिक कर्नाटक में 21 से 24 मार्च के बीच गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
यह भी पढ़ें- देवास में आधी रात मौसम का तांडव, धूल भरी आंधी और बारिश के चलते माता टेकरी पर फंसे सैकड़ों श्रद्धालु
23 मार्च को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण तापमान में गिरावट आ सकती है।
.jpg)
आईएमडी ने लोगों को सतर्क रहने, खुले स्थानों और जल स्रोतों से दूर रहने, बिजली गिरने से बचाव करने और तेज हवाओं के दौरान बाहर न निकलने की सलाह दी है।